home page

आईसीसीआर के अंतरराष्ट्रीय योग शिक्षक पैनल में गुरुकुल के डॉ. मनोज कुमार का चयन

 | 
आईसीसीआर के अंतरराष्ट्रीय योग शिक्षक पैनल में गुरुकुल के डॉ. मनोज कुमार का चयन


हरिद्वार, 19 जून (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के योग विज्ञान विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. मनोज कुमार का चयन भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) के भारतीय संस्कृति शिक्षक (योग) के अंतरराष्ट्रीय पैनल में हुआ है। यह चयन विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत आयोजित साक्षात्कार व योग प्रदर्शन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया।

आईसीसीआर द्वारा जारी पत्र के अनुसार, पैनल में शामिल होने के बाद डॉ. मनोज कुमार को आवश्यकता एवं रिक्तियों के अनुसार विभिन्न देशों में स्थित भारतीय सांस्कृतिक केंद्रों, भारतीय दूतावासों तथा मिशनों में योग शिक्षक के रूप में सेवाएं देने का अवसर मिलेगा।

डॉ. मनोज कुमार वर्तमान में गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के योग विज्ञान विभाग में कार्यरत हैं और भारतीय योग परंपरा, निदान तथा यौगिक चिकित्सा पद्धतियों के विशेषज्ञ माने जाते हैं।

समविश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह चयन गुरुकुल की समृद्ध योग परंपरा और भारतीय ज्ञान प्रणाली को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कुलसचिव प्रो. सत्यदेव निगमालंकार ने भी उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है और इससे संस्थान की योग शिक्षा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई प्रतिष्ठा प्राप्त होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला