चिन्हीकरण की मांग को लेकर आंदोलनकारियों का सीएम आवास कूच, पुलिस ने रोका
देहरादून, 19 सितंबर (हि.स.)। उत्तराखंड आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण की मांग को लेकर उत्तराखंड आंदोलनकारी संयुक्त परिषद के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया। मुख्यमंत्री आवास के पास पुलिस ने आंदोलनकारियों को रोक दिया।
परिषद के अनुसार, पांच दिन का अल्टीमेटम दिए जाने के बावजूद शासन-प्रशासन की ओर से वार्ता के लिए कोई पहल नहीं की गई। इसके बाद परिषद के जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार और महिला अध्यक्ष प्रमिला रावत के नेतृत्व में आंदोलनकारी अलग-अलग वाहनों से मुख्यमंत्री आवास के पास पहुंचे। पुलिस ने आंदोलनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद उन्होंने वहीं धरना दिया और चिन्हीकरण की मांग दोहराई।
धरने को समर्थन देने वालों में पंकज सिंह रावत, मनोरथ ध्यानी, राम किशन, रेखा शर्मा, प्रभात डंडरियाल ,बालेश बवानिया, प्रशांत तड़ियाल, शैलेश सेमवाल, सूफी खलीक अहमद, सत्या पोखरियाल, सत्यप्रकाश चौहान, सुशील विरमानी, महेश कुमार, गीता नेगी, एकादशी देवी, देवेश्वरी गुसाईं आदि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

