अमित शाह ने 15 विभूतियों को उत्तराखंड गौरव सम्मान से किया सम्मानित, खंडूड़ी को मरणोपरांत पुरस्कार
-खेल,चिकित्सा,शिक्षा,कला,संस्कृति और पर्यावरण के क्षेत्र में योगदान के लिए मिली मान्यता
देहरादून, 06 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को उत्तराखंड राज्योत्सव समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 15 विभूतियों को उत्तराखंड गौरव सम्मान पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया। राजनीतिक एवं शासकीय क्षेत्र में योगदान के लिए पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी को मरणोपरांत यह सम्मान प्रदान किया गया।
परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में चिकित्सा क्षेत्र में डॉ. जीवन सिंह तितियाल, उद्यमिता के क्षेत्र में मनमोहन भारद्वाज और फिल्म जगत में योगदान के लिए अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी को सम्मानित किया गया।
लोक जागर गायन के लिए हेमा नेगी करासी और शिक्षा एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान के लिए डॉ. गिरीश रंजन तिवारी को पुरस्कार दिया गया। सामाजिक क्षेत्र में अनीता थपलियाल शर्मा और कश्मीर सिंह तथा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में पर्यावरणविद् सुरेश भाई को सम्मानित किया गया। लोक गायन के क्षेत्र में रेशमा शाह को भी उत्तराखंड गौरव सम्मान प्रदान किया गया।
खेल के क्षेत्र में प्रदेश का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाली पांच हस्तियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें क्रिकेटर एकता बिष्ट, हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया, धाविका अंकिता ध्यानी, मुक्केबाज निकिता चंद और कपिल पोखरिया शामिल हैं।
राज्य सरकार की ओर से यह सम्मान प्रदेश के विकास, सामाजिक सेवा, शिक्षा, चिकित्सा, कला, संस्कृति, पर्यावरण और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को प्रदान किया जाता है।
-----
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

