गंगा स्वच्छता पखवाड़े के तहत रैली निकालकर दिलाया स्वच्छता का संकल्प
पौड़ी गढ़वाल, 29 मार्च (हि.स.)।
राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय बनास पैठाणी की नमामि गंगे इकाई द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर में गंगा स्वच्छता पखवाड़े का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान गंगा एवं अन्य जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर चाकीसैंण क्षेत्र में स्वच्छता रैली निकाली गई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लोगों को गंगा की स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भी स्वच्छता का संदेश दिया गया।
मुख्य अतिथि विजय सिंह रौथाण ने कहा कि गंगा और अन्य नदियों को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य डॉ. शिवचरण नौड़ियाल ने कहा कि वेद-पुराणों में गंगा को मां का दर्जा दिया गया है, इसलिए इसके संरक्षण के लिए गांवों के गधेरों, नालों और पंदेरों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।
अभिभावक-शिक्षक संघ के अध्यक्ष हुकम सिंह कंडारी ने गंगा को जीवनदायिनी एवं मोक्षदायिनी बताते हुए इसके संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने पर जोर दिया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य विशंभर दत्त नौटियाल, नमामि गंगे के नोडल अधिकारी डॉ. खिलाफ सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

