home page

20 अक्टूबर की रात से 20 दिन के लिए बंद होगी गंगनहर

 | 

हरिद्वार, 13 अक्टूबर (हि.स.)। गंगनहर में वार्षिक क्लोजर 20-21 अक्टूबर की रात से शुरू होगा। करीब 20 दिन तक नहर में जल प्रवाह बंद रखा जाएगा। इसके बाद 7-8 नवंबर की रात गंगनहर में दोबारा पानी छोड़ा जाएगा। क्लोजर के दौरान नहर के समतलीकरण, नहरों और गूलों की मरम्मत के साथ घाटों व प्लेटफार्मों के रखरखाव समेत विभिन्न अनुरक्षण कार्य कराए जाएंगे।

एसडीओ उत्तरी गंगनहर हरिद्वार भारत भूषण शर्मा ने बताया कि वार्षिक क्लोजर के संबंध में विभागीय आदेश प्राप्त हो चुके हैं। इसकी जानकारी गंगा सभा सहित सभी संबंधित विभागों को दे दी गई है। उन्होंने बताया कि क्लोजर के दौरान निर्धारित अनुरक्षण कार्य पूरे कराए जाएंगे। हालांकि, गंगनहर में जल प्रवाह बंद रहने के दौरान हरकी पैड़ी पर श्रद्धालुओं को स्नान के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध रहेगा। इसके लिए वर्ष 1916 के अनुबंध के अनुसार स्नान योग्य जल का बंध बनाकर रखा जाएगा।

अर्धकुंभ के कार्यों को भी मिलेगा समय

आगामी अर्धकुंभ को देखते हुए गंगनहर से जुड़े निर्माण एवं अन्य कार्यों को भी वार्षिक क्लोजर के दौरान पूरा कराया जाएगा। मेला प्रशासन ने इसके लिए तैयारी कर ली है। हालांकि, मेला प्रशासन की ओर से इन कार्यों के लिए अलग से किसी अतिरिक्त क्लोजर की मांग नहीं की गई है। ऐसे में निर्धारित अवधि के भीतर अनुरक्षण और अर्धकुंभ से जुड़े कार्य पूरे करने पर जोर रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला