home page

अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, आठ बाइक बरामद

 | 
अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, आठ बाइक बरामद


हरिद्वार, 25 सितंबर (हि.स.)। जनपद में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं के बीच हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मंगलौर पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया गया है। दोनों की निशानदेही पर हरिद्वार और यूपी के विभिन्न क्षेत्रों से चोरी की गई आठ मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।

मंगलौर कोतवाली में कुमराड़ी निवासी इनाम की तहरीर पर मुकदमा अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थलों और संभावित रास्तों पर लगे करीब 171 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही मुखबिर तंत्र सक्रिय कर पूर्व में वाहन चोरी की घटनाओं में संलिप्त आरोपितोंका सत्यापन किया गया।

24 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ढंढेरा फाटक, रुड़की निवासी 20 वर्षीय मोनू उर्फ मन्नू पुत्र जयपाल को गिरफ्तार किया। उसके साथ एक बाल अपचारी को भी हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से चोरी की कुल आठ मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।

बरामद वाहनों के चेसिस नंबरों के आधार पर उनकी पहचान और संबंधित मुकदमों का सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार बरामद वाहनों में हरिद्वार के विभिन्न थाना क्षेत्रों के साथ उत्तर प्रदेश से चोरी की गई मोटरसाइकिलें भी शामिल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला