गांधी-शास्त्री जयंती पर महापुरुषों के आदर्शों को अपनाने का आह्वान
हरिद्वार, 02 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती जनपद में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। जिला कार्यालय सभागार में अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
उन्होंने कहा कि महापुरुषों का जीवन और उनके विचार समाज को सही दिशा देने का काम करते हैं। महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से पूरी दुनिया को मानवता और शांति का संदेश दिया। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और सभी को उनके आदर्शों को जीवन में उतारने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री का ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देश की एकता, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण की भावना का प्रतीक है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने कहा कि गांधी और शास्त्री जैसे महापुरुषों के आदर्श कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम में आनंदमयी सेवा सदन महिला इंटर कॉलेज की छात्राओं ने महात्मा गांधी के प्रिय भजनों की प्रस्तुति दी। अपर जिलाधिकारी ने छात्राओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन प्रशासनिक अधिकारी नवीन मोहन ने किया।
जिले के सभी शासकीय कार्यालयों में भी कार्यालयाध्यक्षों एवं अधिकारियों ने गांधी और शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके जीवन एवं विचारों पर प्रकाश डाला। वहीं, स्कूल-कॉलेजों में चित्रकला, भाषण, वाद-विवाद और निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ कोषाधिकारी अजय कुमार, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी प्रदीप शर्मा समेत जिला कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

