home page

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व उनके परिजनों को सम्मानित किया

 | 
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व उनके परिजनों को सम्मानित किया


हरिद्वार, 14 अगस्त (हि.स.)। देश के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों की स्मृति में शुक्रवार को कोतवाली हरिद्वार के सामने स्थित भल्ला पार्क में शहीद दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने ध्वजारोहण किया तथा अमर शहीद जगदीश वत्स की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं शहीद जगदीश वत्स के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने देश को आजादी दिलाने के लिए स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान अनेक कठिनाइयों का सामना किया और अपना सर्वस्व राष्ट्र के लिए न्योछावर कर दिया। उनके बलिदान को सदैव स्मरण किया जाता रहेगा। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों के त्याग एवं बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता, क्योंकि उन्हीं के संघर्षों के फलस्वरूप देश को आजादी प्राप्त हुई।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का पूर्ण एवं प्रमाणिक इतिहास सुरक्षित होना चाहिए, ताकि भावी पीढ़ी को उनके संघर्ष और योगदान की सही जानकारी मिल सके। उन्होंने इस संबंध में नगर निगम को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहीदों के सपनों को साकार करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है और सभी को अपने दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करना चाहिए। जिलाधिकारी ने कांवड़ मेले के सफल आयोजन में क्षेत्रवासियों के सहयोग की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि कांवड़ जैसे बड़े आयोजन को सभी के सहयोग और सुझावों से सफल बनाया गया है। आगामी कुंभ मेले को भी जनसहभागिता और स्थानीय लोगों के सुझावों को शामिल करते हुए सफलतापूर्वक आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम में गोपाल नारसन ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों तक का बलिदान दिया। उनके पराक्रम, संघर्ष और जीवनगाथा को पाठ्यक्रम में शामिल किया जाना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ी उनके त्याग और बलिदान से प्रेरणा ले सके। मुरली मनोहर ने भी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के संघर्ष, त्याग और देश को आजादी दिलाने में उनके योगदान के बारे में जानकारी दी।

इस अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों एवं आश्रितों भारत भूषण, मुरली मनोहर, गोपाल नारसन, अनिल गिरी, मुकेश त्यागी, सुनील जोशी, बाल किशन कोरी, श्याम सुंदर सचदेवा, राजन कौशिक, रविंद्र शर्मा, शशि, सुनीता त्यागी, रीता गुलाटी, सुरेंद्र कुमार सैनी, नवीन शरण निश्चल, विशाल अग्रवाल, पार्षद हिमांशु गुप्ता सहित अन्य लोगों को शॉल एवं पुष्पमाला भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन सचिव रेडक्रॉस डॉ. नरेश चौधरी ने किया। इस दौरान सहायक नगर आयुक्त महेंद्र यादव, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजन, संबंधित अधिकारी-पदाधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला