home page

मुक्त व्यापार समझौते उत्तराखंड के निर्यातकों के लिए खोलेंगे वैश्विक बाजार के द्वार : भरत सिंह चौधरी

 | 
मुक्त व्यापार समझौते उत्तराखंड के निर्यातकों के लिए खोलेंगे वैश्विक बाजार के द्वार : भरत सिंह चौधरी


मुक्त व्यापार समझौते उत्तराखंड के निर्यातकों के लिए खोलेंगे वैश्विक बाजार के द्वार : भरत सिंह चौधरी


-निर्यात बढ़ाने के लिए एमएसएमई इकाइयों को अंतरराष्ट्रीय अवसरों से जोड़ने की पहल, देहरादून में राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित

-निर्यात 10,836 करोड़ से बढ़कर 13,802 करोड़ रुपये पहुंचा, एमएसएमई मंत्री भरत सिंह चौधरी ने साझा किए औद्योगिक विकास के आंकड़े

देहरादून, 27 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) और निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने तथा प्रदेश की निर्यात क्षमता बढ़ाने के लिए शुक्रवार को देहरादून में मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) पर राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें अंतरराष्ट्रीय बाजारों में उपलब्ध अवसरों, सीमा शुल्क रियायतों, उत्पादों के मूल देश संबंधी नियमों और निर्यात संवर्धन की संभावनाओं पर चर्चा की गई।

भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी), क्षेत्रीय प्राधिकरण दिल्ली और उत्तराखंड सरकार के उद्योग विभाग के संयुक्त तत्वावधान में होटल हयात सेंट्रिक में आयोजित इस एक दिवसीय कार्यशाला में एमएसएमई मंत्री भरत सिंह चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। भारत सरकार के वाणिज्य विभाग के संयुक्त सचिव अमित वर्मा, विदेश व्यापार महानिदेशक निखिल वर्मा और उद्योग महानिदेशक एवं आयुक्त सौरभ गहरवार भी उपस्थित रहे।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए एमएसएमई मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि मुक्त व्यापार समझौतों के माध्यम से उत्तराखंड के उद्यमियों और निर्यातकों को वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला से जोड़ने के नए अवसर मिल रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में निर्यात की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऑस्ट्रेलिया, संयुक्त अरब अमीरात और न्यूजीलैंड जैसे देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौतों से भारतीय उत्पादों को शून्य अथवा रियायती सीमा शुल्क पर विदेशी बाजारों में पहुंच बनाने के अवसर मिल रहे हैं।

चौधरी ने बताया कि उत्तराखंड का निर्यात वर्ष 2017-18 में 10,836 करोड़ रुपये था, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 13,802 करोड़ रुपये हो गया है। इसमें औषधि निर्माण, इंजीनियरिंग उत्पाद, खाद्य प्रसंस्करण, जैविक एवं हर्बल उत्पादों और हस्तशिल्प क्षेत्र का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

उन्होंने बताया कि 'इन्वेस्ट उत्तराखंड' सिंगल विंडो पोर्टल के माध्यम से पिछले तीन वर्षों में 70,397 करोड़ रुपये के पूंजी निवेश वाली 6,932 परियोजनाओं को सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गई है। नीति आयोग के एक्सपोर्ट प्रिपेयर्डनेस इंडेक्स-2024 और इन्वेस्टमेंट फ्रेंडलीनेस इंडेक्स-2026 में भी उत्तराखंड ने अपनी श्रेणी में देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में औद्योगिकीकरण को बढ़ावा देने के लिए पौड़ी, चमोली और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क विकसित किए जा रहे हैं। हरिद्वार में 194 करोड़ रुपये की लागत से बहुमंजिला औद्योगिक परिसर स्थापित किया जा रहा है, जबकि सेलाकुई और पंतनगर में भी इसी प्रकार की सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव है।

चौधरी के अनुसार, किच्छा के खुरपिया में 1,100 करोड़ रुपये की लागत से एकीकृत विनिर्माण क्लस्टर विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा हरिद्वार में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क और बनबसा में भूमि सीमा शुल्क केंद्र विकसित किए जा रहे हैं। 'हाउस ऑफ हिमालयाज' और 'हिमाद्री' ब्रांड के माध्यम से प्रदेश के पारंपरिक हस्तशिल्प, ऐपण कला, मोटे अनाज और महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उद्योग महानिदेशक एवं आयुक्त सौरभ गहरवार ने प्रदेश के औद्योगिक परिवेश, निवेश संभावनाओं और निर्यात संवर्धन की भावी कार्ययोजना की जानकारी दी।

वाणिज्य विभाग के संयुक्त सचिव अमित वर्मा और विदेश व्यापार महानिदेशक निखिल वर्मा ने भारत के विभिन्न देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौतों के प्रावधानों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सीमा शुल्क रियायतों, उत्पत्ति के नियमों (रूल्स ऑफ ओरिजिन), निर्यात संवर्धन मिशन और जिलों को निर्यात केंद्र के रूप में विकसित करने की पहल के बारे में बताया। उन्होंने इन प्रावधानों का प्रभावी उपयोग कर भारतीय उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय बाजारों में प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने पर जोर दिया।

कार्यशाला के तकनीकी सत्रों में कृषि, प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद, हस्तशिल्प, सेवा और इंजीनियरिंग क्षेत्रों में उत्तराखंड के लिए उपलब्ध निर्यात अवसरों पर विशेषज्ञों ने प्रस्तुतियां दीं। उद्योग विभाग के अधिकारियों ने प्रदेश की निर्यात नीति के तहत उपलब्ध वित्तीय प्रोत्साहनों, गुणवत्ता प्रमाणन सहायता और लॉजिस्टिक्स सुविधाओं की जानकारी भी दी।

समापन सत्र में उद्यमियों और निर्यातकों ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संवाद कर निर्यात प्रक्रिया, मुक्त व्यापार समझौतों के व्यावहारिक उपयोग और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच से जुड़ी समस्याओं एवं संभावनाओं पर अपने सुझाव रखे।

कार्यशाला में पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (पीएचडीसीसीआई), भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई), इंजीनियरिंग निर्यात संवर्धन परिषद (ईईपीसी), हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद (ईपीसीएच), कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) और सेवा निर्यात संवर्धन परिषद (एसईपीसी) के प्रतिनिधियों सहित प्रदेशभर के उद्यमियों एवं निर्यातकों ने प्रतिभाग किया।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय