home page

बीएचईएल ने जेल में लगाया निशुल्क चिकित्सा शिविर

 | 
बीएचईएल ने जेल में लगाया निशुल्क चिकित्सा शिविर


हरिद्वार, 19 मार्च (हि.स.)। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) द्वारा कार्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत जिला कारागार, हरिद्वार में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया । बीएचईएल चिकित्सा विभाग के सहयोग से आयोजित इस शिविर का शुभारंभ, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) संतोष कुमार गुप्ता एवं प्रमुख (चिकित्सा सेवाएं) डॉ. शारदा स्वरूप ने किया ।

इस अवसर पर संतोष कुमार गुप्ता ने कहा कि शिविर का उद्देश्य रोगों के उपचार के साथ लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना भी है । उन्होंने बताया कि यह चिकित्सा शिविर, सामाजिक सरोकारों के प्रति बीएचईएल के समर्पण का प्रतीक है । डॉ. शारदा स्वरूप ने कहा कि समय-समय पर स्वास्थ्य जांच और चिकित्सीय परामर्श से, अनेक बीमारियों की शुरूआत में ही पहचान की जा सकती है । उन्होंने बंदियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा चिकित्सकों द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करने के लिए प्रेरित किया ।

इस शिविर में बीएचईएल चिकित्सकों द्वारा लभगभ 250 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर, आवश्यक परामर्श दिया गया तथा निशुल्क दवाईयां भी प्रदान की गई । इस अवसर पर जेलर सोमदेव, डिप्टी जेलर श्रीमती श्वेता जोशी सहित सीएसआर विभाग के अधिकारी, बीएचईएल चिकित्सक, पैरा मेडिकल स्टॉफ के सदस्य तथा जेल प्रशासन के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे ।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला