home page

फ्रांस में आयोजित भारत इनोवेट्स में बहुराष्ट्रीय कंपनी नथिंग, आईआईटी रुड़की व आईआईएफसी के बीच अनुबंध

 | 
फ्रांस में आयोजित भारत इनोवेट्स में बहुराष्ट्रीय कंपनी नथिंग, आईआईटी रुड़की व आईआईएफसी के बीच अनुबंध


हरिद्वार, 15 जून (हि.स.)।फ्रांस के नीस शहर में आयोजित भारत इनोवेट्स 2026 के दौरान लंदन की उपभोक्ता प्रौद्योगिकी यूनिकॉर्न नथिंग ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की, फाउंडेशन फॉर साइंस, इनोवेशन एंड डेवलपमेंट (एफएसआईडी) व भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएफसी) के साथ दो रणनीतिक समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किये हैं।

आईआईटी रुड़की के मीडिया सेल ने आज जारी विज्ञप्ति में बताया कि इन समझौता ज्ञापनों पर नथिंग के सह-संस्थापक एवं भारत अध्यक्ष अकिस इवैंजेलिडिस ने आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. के. के. पंत तथा भारतीय विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. गोविंदन रंगराजन के साथ हस्ताक्षर किए।

विज्ञप्ति के अनुसार भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित भारत इनोवेट्स 2026 एक वैश्विक मंच है, जो भारत के सबसे आशाजनक डीप-टेक स्टार्टअप्स को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों, उद्योगों, अनुसंधान संस्थानों तथा नीति निर्माताओं के समक्ष प्रस्तुत करता है। जी-7 शिखर सम्मेलन से पूर्व आयोजित यह कार्यक्रम वैश्विक स्तर पर नवाचार और प्रौद्योगिकी के भविष्य को आकार देने में भारत की बढ़ती भूमिका को रेखांकित करता है।

समारोह में भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार प्रो. अजय कुमार सूद तथा आईआईटी रुड़की के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष एवं भारत के पूर्व सॉलिसिटर जनरल हरीश साल्वे उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला