home page

शिक्षकों को पहले स्वयं नैतिकता का पालन करना चाहिए, तभी विद्यार्थियों को दे सकेंगे संस्कार: गणेश जोशी

 | 
शिक्षकों को पहले स्वयं नैतिकता का पालन करना चाहिए, तभी विद्यार्थियों को दे सकेंगे संस्कार: गणेश जोशी


हरिद्वार, 23 नवंबर (हि.स.)। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए शिक्षकों को स्वयं नैतिक मूल्यों और आदर्शों का पालन करना चाहिए। साथ ही विद्यार्थियों को नैतिक शिक्षा, संस्कार और अनुशासन की सीख देनी चाहिए। समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सुधार की शुरुआत स्वयं से करनी होगी। शिक्षक जब अपने आचरण से आदर्श प्रस्तुत करेंगे, तभी विद्यार्थी उनसे प्रेरणा लेकर बेहतर समाज के निर्माण में योगदान दे सकेंगे।

सोमवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज, धनौरी के स्थापना दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय की स्थापना और उसके विकास में स्वर्गीय शिक्षाविद् डॉ. तेजवीर सिंह सैनी के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र में कभी शिक्षा के पर्याप्त अवसर उपलब्ध नहीं थे, वहां डॉ. सैनी ने शिक्षा की अलख जगाने का सराहनीय कार्य किया। उनके द्वारा लगाया गया शिक्षा का पौधा आज वटवृक्ष बन चुका है। उनकी दूरदर्शिता और शिक्षा के प्रति समर्पण का परिणाम है कि आज क्षेत्र में अनेक शिक्षण संस्थान संचालित हो रहे हैं।

महाविद्यालय के उप प्राचार्य डॉ. योगेश कुमार ने कहा कि हरिओम सरस्वती महाविद्यालय सहित क्षेत्र की कई शिक्षण संस्थाएं स्वर्गीय डॉ. तेजवीर सिंह सैनी के सपनों को साकार करने में जुटी हैं। प्राचार्य डॉ. मुनेन्द्र सिंह ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि छह जुलाई 2019 को उनका निधन परिवार और संस्थान के लिए अपूरणीय क्षति थी। उनके द्वारा स्थापित संस्थान आज भी उनके विचारों को आगे बढ़ा रहे हैं।

इससे पूर्व असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अरुणिमा पांडे ने समारोह की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम संयोजक डॉ. अंजली देवी ने आभार जताया। प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. हर्ष सैनी और सचिव डॉ. आदित्य सैनी ने मंत्री का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। इस अवसर पर डॉ. अंजली गौड़, डॉ. निशा रानी, डॉ. रविंद्र कुमार, डॉ. प्रदीप सैनी, डॉ. संजय कुमार आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला