home page

उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट का निधन पर राजनीतिक जगत में शोक की लहर

 | 
उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट का निधन पर राजनीतिक जगत में शोक की लहर


- पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट का निधन, कांग्रेस और भाजपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

देहरादून, 26 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व कैबिनेट मंत्री और तीन बार विधायक रहे हीरा सिंह बिष्ट का निधन हो गया। देर रात हृदयाघात के बाद उन्हें देहरादून के ईसी रोड स्थित सिटी हार्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से प्रदेश की राजनीति में शोक की लहर है।

हीरा सिंह बिष्ट ने छात्र राजनीति से अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की और बाद में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से जुड़कर शीघ्र ही एक प्रभावशाली युवा नेता के रूप में अपनी पहचान बनाई। वर्ष 1985 में वे देहरादून विधानसभा क्षेत्र से उत्तर प्रदेश विधानसभा के लिए पहली बार विधायक निर्वाचित हुए। इसके बाद वर्ष 2002 में राजपुर विधानसभा क्षेत्र तथा वर्ष 2014 में डोईवाला विधानसभा उपचुनाव जीतकर उन्होंने कुल तीन बार विधायक बनने का गौरव हासिल किया। एन.डी. तिवारी सरकार में उन्होंने परिवहन, श्रम और तकनीकी शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विभागों के कैबिनेट मंत्री के रूप में कार्य किया। वह उत्तराखंड इंटक (इंटक) के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सैनिक कल्याण मंत्री गणेष जोशी, वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह, डॉ. हरक सिंह रावत, कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना आदि ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उनके निधन से पार्टी ने एक अनुभवी, संघर्षशील और जनहित के प्रति समर्पित नेता को खो दिया है, जिसकी क्षति लंबे समय तक महसूस की जाएगी।

-----

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल