अ.भा. संत आश्रम परिषद का गठन, महामंडलेश्वर स्वामी प्रबोधानंद गिरि बने अध्यक्ष
हरिद्वार, 21 अप्रैल (हि.स.)। धार्मिक आश्रमों के परमाध्यक्ष संतों ने एक नए संगठन अखिल भारतीय संत आश्रम परिषद के गठन की घोषणा की है। हरिद्वार के भोपतवाला स्थित ओम मुरारी आश्रम में आयोजित संतों की बैठक में संत समाज की एकता संरक्षण एवं अधिकारों की मजबूती के उद्देश्य से लिये गए इस निर्णय की घोषणा मंगलवार को की गई। महामंडलेश्वर स्वामी प्रबोधानंद गिरि इस परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे, जबकि संत रामविशाल दास को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है।
श्री महंत बाबा बलराम दास हठयोगी परिषद के आजीवन संरक्षक बनाए गए हैं। स्वामी विनोद महाराज को उपाध्यक्ष, स्वामी स्वयमानंद महाराज काे राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष, महंत ओमानंद को मंत्री तथा स्वामी सत्यव्रतानंद महाराज को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। महंत गोपाल गिरी राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य होंगे।
महामंडलेश्वर स्वामी प्रबोधानंद गिरि ने बताया कि परिषद का संकल्प है कि वह आश्रमधारी संत-महंतों के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाएगी और शोषण व अन्याय के खिलाफ संगठित आवाज उठाएगी। आगामी अर्धकुंभ को देखते हुए संतों और आश्रमों के लिए आवश्यक सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं को सुनिश्चित कराने के लिए प्रशासन व सरकार के समक्ष प्रभावी पहल करने का निर्णय लिया गया। बैठक में यह भी तय हुआ कि जल्द ही कार्यकारिणी की अगली बैठक आयोजित कर संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और समस्याओं के समाधान के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

