home page

कुमाऊं में भी खुलेगा वन विकास निगम का कार्यालय, मुख्यमंत्री ने किया'हिमकाष्ठ' मोबाइल एप लाॅन्च

 | 
कुमाऊं में भी खुलेगा वन विकास निगम का कार्यालय, मुख्यमंत्री ने किया'हिमकाष्ठ' मोबाइल एप लाॅन्च


देहरादून, 29 अप्रैल 2026 (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुमाऊं मंडल में भी वन विकास निगम का नया कार्यालय खोलने की घोषणा की है। साथ ही, वन क्षेत्रों में मधुमक्खी पालन को बढ़ावा देने के लिए बी-बॉक्स स्थापित करने के प्रस्ताव को कैबिनेट में लाने के निर्देश दिए हैं।

बुधवार को उत्तराखंड वन विकास निगम के स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित 'रजत जयंती समारोह' में मुख्यमंत्री ने उक्त घोषणा की है। समारोह में मुख्यमंत्री ने 'हिमकाष्ठ' मोबाइल एप्लीकेशन का लोकार्पण भी किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने निगम कर्मचारियों के उन बच्चों को सम्मानित किया, जिन्होंने बोर्ड परीक्षाओं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वन विकास निगम राज्य की अर्थव्यवस्था के साथ-साथ पारिस्थितिकी के लिए भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। निगम वैज्ञानिक वन प्रबंधन, वन उपज के टिकाऊ दोहन, इको-टूरिज्म और प्रमाणित लकड़ी की आपूर्ति जैसे कार्यों में सक्रिय है। उन्होंने बताया कि निगम न केवल आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देता है, बल्कि सूखे और मृतप्राय पेड़ों को हटाकर नए वन क्षेत्र विकसित करने में भी योगदान दे रहा है, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बल मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि 'हिमकाष्ठ' मोबाइल एप के माध्यम से वन उत्पादों की बिक्री और ई-नीलामी की प्रक्रिया को ऑनलाइन किया जाएगा, जिससे पारदर्शिता और ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष निगम ने 167 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया, जो उसकी कार्यक्षमता और बेहतर प्रबंधन का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार 'इकोनॉमी, इकोलॉजी और टेक्नोलॉजी' के संतुलन के साथ आगे बढ़ रही है। घने जंगल, हिमालयी शिखर, ग्लेशियर और नदियां उत्तराखंड की अमूल्य धरोहर हैं, जिनका संरक्षण भविष्य की पीढ़ियों के लिए आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने पर्यटकों और तीर्थयात्रियों से अपील की कि वे जंगल सफारी या धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखें। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण में छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े परिणाम दे सकते हैं।

इस मौके पर राज्य के वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य में वन संरक्षण को स्थानीय अर्थव्यवस्था से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष में वन विकास निगम ने 627 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक सविता कपूर, मोहन सिंह बिष्ट, सुरेश गड़िया, प्रमोद नैनवाल, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु,प्रमुख वन संरक्षक रंजन कुमार मिश्र, सचिव सी. रविशंकर और प्रबंध निदेशक नीना ग्रेवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय