खांड्यूसैंण में गुलदार की दहशत बरकरार, पांच पिंजरे लगाए, कैमरा ट्रैप में नहीं दिखी गतिविधि
पौड़ी गढ़वाल, 10 नवंबर (हि.स.)। खांड्यूसैंण में मासूम को निवाला बनाने वाले गुलदार की दहशत बरकरार है। घटना के बाद से वन विभाग की टीम क्षेत्र में डेरा डाले हुए है। गुलदार को पकड़ने के लिए पांच पिंजरे और कैमरा ट्रैप लगाए गए हैं, लेकिन अभी तक कैमरों में उसकी कोई गतिविधि कैद नहीं हुई है।
मासूम पर हमले के बाद मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक ने गुलदार को नरभक्षी घोषित कर दिया था। इसके बाद क्षेत्र में वन विभाग की टीम के साथ शिकारी और दो रेंजर तैनात किए गए हैं। टीम दिन-रात गश्त कर गुलदार की तलाश में जुटी है।
वहीं, गुलदार की कोई गतिविधि नजर नहीं आने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत के साथ ग्रामीणों में आक्रोश भी बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है। साथ ही समस्या का समाधान नहीं होने पर दोबारा आंदोलन की चेतावनी दी है।
डीएफओ गढ़वाल वन प्रभाग महातिम यादव ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में अभी तक गुलदार की गतिविधि दिखाई नहीं दी है। वन विभाग की टीम लगातार गश्त कर रही है। शिकारी जॉय हुकिल और राकेश बड़थ्वाल के साथ दो रेंजर भी क्षेत्र में तैनात हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

