home page

दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, मिठाइयों के छह नमूने जांच को भेजे

 | 
दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, मिठाइयों के छह नमूने जांच को भेजे


चंपावत, 04 नवंबर (हि.स.)। दीपावली के त्योहार को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट और गुणवत्ता की जांच के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने चंपावत बाजार में अभियान चलाया। बुधवार को वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी के नेतृत्व में मॉल्स, मेगा स्टोर्स और मिठाई प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान विभिन्न मिठाइयों के छह नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजे गए।

निरीक्षण के दौरान टीम ने खोया बर्फी, मिल्क केक और शक्करपारा समेत अन्य मिठाइयों की गुणवत्ता की जांच की। साथ ही प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों के रखरखाव, साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के लाइसेंस व पंजीकरण की भी पड़ताल की गई।

जांच के दौरान एक मॉल में खुले चिप्स में निर्धारित से अधिक रंग का इस्तेमाल पाया गया। टीम ने संबंधित चिप्स को तत्काल बिक्री से हटवा दिया और प्रतिष्ठान प्रबंधन को नोटिस जारी किया।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी ने बताया कि प्रयोगशाला से नमूनों की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने खाद्य कारोबारियों से त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।निरीक्षण अभियान में विभागीय सहायक दिनेश फर्त्याल भी शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी