खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, बर्गर किंग से तेल-दूध के नमूने लिए
हरिद्वार, 24 अगस्त (हि.स.)। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर जिला खाद्य सुरक्षा विभाग ने हरिद्वार और पिरान कलियर उर्स मेले में बड़ी कार्रवाई की है।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के तहत नगर निगम क्षेत्र में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा ने रानीपुर मोड़ स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। एक ग्राहक की शिकायत पर उन्होंने नामी कंपनी के रेस्टोरेंट बर्गर किंग का आकस्मिक निरीक्षण किया और वहां से खाद्य तेल और दूध के दो नमूने जांच के लिए लिए। इसके अलावा वरिष्ठ अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा ने मिथ्या छाप लगाकर खाद्य सामग्री का निर्माण, पैकिंग और विक्रय करने पर 3 खाद्य कारोबारियों व निर्माताओं के खिलाफ अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) न्यायालय में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की विभिन्न धाराओं में वाद दायर किया है। इसमें 3 लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

