home page

खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, मिठाई विक्रेता का चालान, पनीर सहित खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे

 | 
खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, मिठाई विक्रेता का चालान, पनीर सहित खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे


हरिद्वार, 22 अगस्त (हि.स.)। आगामी रक्षा बंधन एवं जन्माष्टमी पर्व के मद्देनजर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने हरिद्वार जनपद में खाद्य प्रतिष्ठानों, डेयरियों और मिष्ठान विक्रेताओं के खिलाफ औचक निरीक्षण अभियान चलाया। सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की।

अभियान के दौरान खुला मावा और खुले मिठाई घेवर के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए संग्रहित किए गए। एक मिष्ठान विक्रेता को निर्माण एवं संग्रह स्थल पर मिठाइयों को अखबार से ढककर रखने पर नोटिस जारी किया गया। वहीं, एक अन्य मिष्ठान विक्रेता द्वारा खाद्य पंजीकरण का निर्धारित अवधि में नवीनीकरण नहीं कराने पर भी नोटिस दिया गया। कुछ अन्य मिष्ठान एवं खाद्य कारोबारियों द्वारा प्रतिष्ठान बंद कर दिए जाने के कारण उनके खिलाफ मौके पर कार्रवाई नहीं हो सकी।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा ने कनखल स्थित एक डेयरी से मिलावट के संदेह में पनीर के दो नमूने जांच के लिए लिए। इनमें एक खुला पनीर तथा दूसरा हरियाणा स्थित निर्माता के पंचगांव ब्रांड के पैकेट पनीर का नमूना शामिल है। ग्राहक की शिकायत पर जगजीतपुर स्थित एक रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण किया गया। रेस्टोरेंट बिना खाद्य पंजीकरण के तथा अस्वच्छ एवं अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में संचालित पाया गया, जिस पर चालानी कार्रवाई की गई। इसके अलावा भूपतवाला बाग स्थित एक निर्माण इकाई के खिलाफ बिना खाद्य पंजीकरण खाद्य सामग्री का निर्माण किए जाने पर चालानी कार्रवाई की गई। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा ने दोनों प्रतिष्ठानों को खाद्य पंजीकरण प्राप्त होने तक खाद्य कारोबार बंद रखने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला