कांवड़ यात्रा: खाद्य सुरक्षा विभाग ने किया प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, हल्दी पाउडर और अचार के नमूने जांच को भेजे
हरिद्वार, 18 जुलाई (हि.स.)।कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार को शहर में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि खाद्य सुरक्षा, तहसील प्रशासन, बाट-माप और औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने शंकर आश्रम से ऋषिकुल चौक तक होटल, ढाबों, रेस्तरां और स्ट्रीट फूड विक्रेताओं सहित कुल 53 प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान खुली हल्दी पाउडर और अचार के 2 नमूने प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजे गए।
निरीक्षण में कई प्रतिष्ठानों में खाद्य पंजीकरण और स्वच्छता मानकों में कमियां मिलीं। संबंधित कारोबारियों को 7 दिन में सुधार और पंजीकरण कराने के नोटिस दिए गए। टीम ने खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, डस्टबिन की व्यवस्था, वैज्ञानिक कचरा निस्तारण और बासी-मिलावटी सामान न बेचने के निर्देश भी दिए।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा पवन कुमार के नेतृत्व में भगवानपुर–देहरादून और हरिद्वार–रुड़की हाईवे पर स्थित 33 होटल-रेस्तरां का भी निरीक्षण किया गया। सभी को एफएसएसएआई लाइसेंस, फूड सेफ्टी बोर्ड और रेट लिस्ट लगाने को कहा गया। निरीक्षण टीम में नायब तहसीलदार मदन लाल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र, देव चंद और विधिक माप विज्ञान के प्रदीप बिजलवान शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

