home page

फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल के 100वें संस्करण में देहरादून और काशीपुर में 600 से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा

 | 
फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल के 100वें संस्करण में देहरादून और काशीपुर में 600 से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा


देहरादून, 29 नवंबर (हि.स.)। फिट इंडिया अभियान के तहत रविवार को देहरादून और काशीपुर में 'संडेज ऑन साइकिल' के 100वें संस्करण का आयोजन किया गया। इस दौरान उत्तराखंड में करीब 600 लोगों ने साइकिलिंग और विभिन्न फिटनेस गतिविधियों में हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने नशामुक्त भारत की शपथ भी ली।

ओलंपिक आंदोलन को समर्पित इस विशेष संस्करण का आयोजन देश के 100 प्रमुख स्थलों और सभी जिलों में किया गया। देशभर में 600 से अधिक जिलों में आयोजित साइकिल रैलियों में डेढ़ लाख से अधिक 'मेरा युवा भारत' (माई भारत) स्वयंसेवकों ने भाग लिया।

देहरादून में भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के क्षेत्रीय केंद्र लखनऊ ने महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के सहयोग से कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें करीब 300 फिटनेस प्रेमियों और 100 साइकिल चालकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का नेतृत्व खेल निदेशालय उत्तराखंड के सहायक निदेशक राजेश ममगाईं ने किया। इस अवसर पर साई लखनऊ के सहायक निदेशक प्रवीण कुमार सीएम और खेल निदेशालय के सहायक निदेशक संजीव कुमार पौरी भी मौजूद रहे।

ममगाईं ने कहा कि फिटनेस को जीवनशैली बनाना और जमीनी स्तर पर खेल संस्कृति को मजबूत करना जरूरी है। भारत 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी की आकांक्षा रखता है। ऐसे में युवाओं सहित प्रत्येक नागरिक को शारीरिक गतिविधियों के प्रति जागरूक करना महत्वपूर्ण है।

वहीं, काशीपुर स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण के खेल प्रशिक्षण केंद्र में 250 से अधिक खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। यहां साइकिल रैली के बाद जुंबा और एरोबिक्स सत्र आयोजित किए गए। प्रतिभागियों ने रस्साकशी, बोरा दौड़ और रस्सी कूद जैसी गतिविधियों में भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

आयोजकों के अनुसार, 'संडेज ऑन साइकिल' अभियान की शुरुआत 17 दिसंबर 2024 को नई दिल्ली के मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम से हुई थी। इसका उद्देश्य प्रदूषण कम करने, शारीरिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक करना है। अब तक इस अभियान में देशभर में करीब 40 लाख संचयी भागीदारी दर्ज की गई है। वर्तमान में यह अभियान लगभग 10 हजार स्थानों पर आयोजित किया जा रहा है।

इस अवसर पर प्रतिभागियों ने 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' के संकल्प के साथ नशामुक्त भारत की शपथ ली। आयोजकों ने कहा कि यह पहल फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तीकरण और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने में योगदान दे रही है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय