रणसूरा फायरिंग कांड में जाहिद गिरफ्तार, एक फरार
हरिद्वार, 30 जून (हि.स.)। लक्सर क्षेत्र के ग्राम रणसूरा में जानलेवा फायरिंग मामले में हरिद्वार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी जाहिद पुत्र यासीन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, लेकिन लक्सर पुलिस ने सटीक गुप्त सूचना के आधार पर गांव में दबिश देकर उसे दबोच लिया।
मामला 14 मई का है, जब ग्राम रणसूरा निवासी गुफरान पुत्र मुर्सलीन ने कोतवाली लक्सर में शिकायत दर्ज कराई थी कि विपक्षियों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान घटना के मुख्य आरोपित और मास्टरमाइंड अनीश को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि अन्य आरोपित फरार थे।
फरार आरोपित जाहिद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। न्यायालय के आदेश पर उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कराया गया और गांव में ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी भी कराई गई। इसके बावजूद वह कानून से बच नहीं सका। लक्सर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव रणसूरा में दबिश देकर जाहिद को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपितों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए उसका चालान कर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

