पार्किंग विवाद में निकाली रिवॉल्वर, चार राउंड फायरिंग से दहला हरिपुर कला
हरिद्वार, 24 नवंबर (हि.स.)। हरिद्वार सीमा से सटे हरिपुर कला में वाहन पार्किंग को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदलते-बदलते बच गया। गुस्से में आए युवक ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से चार राउंड फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज से क्षेत्र में दहशत फैल गई। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
रायवाला थाना प्रभारी मोहन सिंह के अनुसार घटना 23 नवंबर की रात करीब 10 बजे इंटर कॉलेज रोड की है। शिवम लिंगवाल पुत्र नंदलाल ने तहरीर में बताया कि धर्मपाल उर्फ मुन्ना उनके घर के सामने पहुंचा और वहां खड़ी उनकी मोटरसाइकिल तथा पड़ोसी भास्कर की कार को लात मारने लगा।
गाली-गलौज करते हुए वाहन हटाने को कहा। विरोध करने पर आरोपी ने जेब से रिवॉल्वर निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान शिवम के भाई-बहन बाल-बाल बच गए, जबकि एक गोली कार संख्या यूके 08 टीए-9578 में जा लगी।
फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग घरों में छिप गए, कुछ ने छतों से वीडियो बना लिया। सूचना पर रायवाला पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए।
पीड़ित की तहरीर पर 24 नवंबर को मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी के निर्देश पर टीम गठित कर मुखबिर की सूचना पर आरोपी धर्मपाल उर्फ मुन्ना (45) पुत्र प्रेम सिंह निवासी इंटर कॉलेज रोड को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने लाइसेंसी रिवॉल्वर और चार खोखे बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

