दीपावली से पहले पटाखा फैक्ट्रियों में अग्नि सुरक्षा की जांच, परखी व्यवस्थाएं
हरिद्वार, 02 नवंबर (हि.स.)। दीपावली पर्व और आगामी त्योहारों के मद्देनजर अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस और अग्निशमन विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर अग्निशमन विभाग की टीम ने रुड़की क्षेत्र स्थित विभिन्न पटाखा फैक्ट्रियों एवं इकाइयों का स्थलीय निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
अग्निशमन अधिकारी रुड़की वंश नारायण यादव के नेतृत्व में पहुंची टीम ने फैक्ट्रियों में स्थापित अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और उनकी कार्यशीलता परखी। इस दौरान फायर पंप, हाइड्रेंट सिस्टम, अग्निशामक यंत्र, होज रील, होज पाइप सहित अन्य अग्निशमन उपकरणों का भौतिक परीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री परिसर में अग्नि सुरक्षा के इंतजाम, आपातकालीन निकास मार्ग, ज्वलनशील सामग्री के सुरक्षित भंडारण और अग्निशमन वाहनों के आवागमन के लिए उपलब्ध रास्तों की भी बारीकी से जांच की गई।
फायर पुलिस ने फैक्ट्री संचालकों और कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा सभी अग्निशमन उपकरणों को हर समय कार्यशील और उपयोग के लिए तैयार रखने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने और आग लगने की स्थिति में तत्काल प्रभावी अग्निशमन एवं बचाव कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
अग्निशमन विभाग ने स्पष्ट किया कि दीपावली के दौरान पटाखों के निर्माण और भंडारण से जुड़ी इकाइयों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। त्योहार को सुरक्षित बनाने के लिए सुरक्षा इंतजामों की निगरानी और सतर्कता पर जोर दिया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

