home page

सेवानिवृत्त 20 पीआरडी स्वयंसेवकों को मिली एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता

 | 

हरिद्वार, 19 अगस्त (हि.स.)। जनपद हरिद्वार के 20 सेवानिवृत्त प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) स्वयंसेवकों को एकमुश्त आर्थिक सहायता के रूप में एक-एक लाख रुपये प्रदान किए गए हैं। 3650 दिवस की सेवा पूर्ण करने के बाद अधिवर्षता आयु पूरी कर सेवानिवृत्त हुए इन स्वयंसेवकों के बैंक खातों में 18 अगस्त को डीबीटी के माध्यम से कुल 20 लाख रुपये की राशि जमा कराई गई।

जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी ने बताया कि निदेशक युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल, उत्तराखंड, देहरादून की ओर से 18 अगस्त 2026 को जारी निर्देशों के क्रम में यह सहायता प्रदान की गई है। यह राशि कल्याण कोष नियमावली-2023 के प्रावधानों के तहत स्वीकृत की गई। आर्थिक सहायता प्राप्त करने वाले स्वयंसेवकों में शीशपाल, रामपाल, ओमपाल, रकम सिंह, तेजपाल, ऋषिपाल, मैनपाल, सुरेश कुमार, चन्द्रभान, ऋषिपाल, अफजाल, दिलावर सिंह, श्याम सिंह, बीरपाल सिंह, अजय कुमार, कवल सिंह, संजय कुमार, आनन्द प्रकाश, सुभाषचन्द्र और छत्रपाल शामिल हैं। ये स्वयंसेवक जनपद के नारसन, बहादराबाद, भगवानपुर, लक्सर, खानपुर और रूड़की क्षेत्र के निवासी हैं।

अधिकारी ने कहा कि लंबे समय तक पीआरडी के माध्यम से सेवाएं देने वाले सेवानिवृत्त स्वयंसेवकों को आर्थिक संबल देने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। एकमुश्त सहायता से सेवानिवृत्त स्वयंसेवकों को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने में मदद मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला