home page

अंतिम मतदाता सूची : हरिद्वार में 12.45 लाख मतदाता, खानपुर सबसे आगे तो रुड़की सबसे पीछे

 | 
अंतिम मतदाता सूची : हरिद्वार में 12.45 लाख मतदाता, खानपुर सबसे आगे तो रुड़की सबसे पीछे


हरिद्वार, 03 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) के बाद अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। इसके साथ ही हरिद्वार जनपद की ग्यारह विधानसभा सीटों में मतदाताओं की संख्या का विवरण भी सामने आ गया है। जारी आंकड़ों के अनुसार, जनपद में कुल 12,45,458 मतदाता दर्ज हैं। विधानसभा क्षेत्रों में सबसे अधिक मतदाता खानपुर में हैं, जबकि सबसे कम मतदाता रुड़की विधानसभा क्षेत्र में दर्ज किए गए हैं।

खानपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 1,35,727 मतदाता हैं। वहीं, रुड़की में 90,619 मतदाता दर्ज किए गए हैं। इस प्रकार जिले की सर्वाधिक और सबसे कम मतदाता संख्या वाली विधानसभा सीटों के बीच 45,108 मतदाताओं का अंतर है।बीएचईएल रानीपुर दूसरे और हरिद्वार ग्रामीण तीसरे स्थान पर है।विधानसभा-वार आंकड़ों के अनुसार, खानपुर में 1,35,727 मतदाता हैं। इसके बाद बीएचईएल रानीपुर विधानसभा क्षेत्र 1,31,908 मतदाताओं के साथ दूसरे स्थान पर है। हरिद्वार ग्रामीण में 1,23,157 मतदाता दर्ज किए गए हैं।

भगवानपुर विधानसभा क्षेत्र में 1,15,931 मतदाता हैं, जबकि पिरान कलियर में 1,15,808 मतदाता दर्ज किए गए हैं। झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र में 1,13,327 और ज्वालापुर में 1,10,933 मतदाता शामिल हैं। हरिद्वार विधानसभा क्षेत्र में कुल 1,09,666 मतदाता हैं। मंगलौर में 1,07,438 मतदाता दर्ज किए गए हैं। वहीं, जिले की दो विधानसभा सीटों रुड़की और लक्सर में मतदाताओं की संख्या एक लाख से कम है।

लक्सर में 90,944 मतदाता हैं, जबकि रुड़की में 90,619 मतदाता दर्ज किए गए हैं।उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया 8 जून 2026 को शुरू हुई थी। शनिवार, 3 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई। निर्वाचन विभाग ने अंतिम सूची प्रकाशित होने के बाद उन पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं, जो किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं। इसके तहत बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) पुरानी और वर्तमान मतदाता सूचियों का मिलान करेंगे तथा घर-घर जाकर ऐसे मतदाताओं की पहचान करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला