home page

गढ़वाली फिल्म 'ढोली' को राष्ट्रीय पुरस्कार, धामी ने दी बधाई

 | 
गढ़वाली फिल्म 'ढोली' को राष्ट्रीय पुरस्कार, धामी ने दी बधाई


देहरादून, 18 जुलाई (हि. स.)। 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में गढ़वाली फिल्म 'ढोली' को फीचर फिल्म श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ गढ़वाली फिल्म के लिए रजत कमल और दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिलने पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फिल्म की पूरी टीम को बधाई दी है।

श्री धामी ने शनिवार को जारी अपने संदेश में कहा कि 'ढोली' को राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान उत्तराखंड की समृद्ध लोकभाषा, लोक संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत का सम्मान है। यह उपलब्धि प्रदेश के फिल्म उद्योग, कलाकारों और रचनाकारों के लिए प्रेरणादायी है व गढ़वाली सिनेमा को नई पहचान दिलाएगी।

उन्होंने फिल्म के निर्माता एससी फार्माकेम प्राइवेट लिमिटेड, निर्देशक दिनेश पी. भोंसले और पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने में क्षेत्रीय सिनेमा की महत्वपूर्ण भूमिका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नई फिल्म नीति के माध्यम से उत्तराखंड को फिल्म निर्माण के अनुकूल गंतव्य के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इससे प्रदेश में फिल्म निर्माण को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय