home page

रेलवे क्रॉसिंग के पास मिला महिला का शव, जांच में जुटी पुलिस

 | 
रेलवे क्रॉसिंग के पास मिला महिला का शव, जांच में जुटी पुलिस


हल्द्वानी, 03 जून (हि.स.)। लालकुआं क्षेत्र के बेरीपड़ाव रेलवे क्रॉसिंग के समीप स्थित खुरपिया फॉर्म में एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची औए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

मृतका की पहचान सुनीता (50) पत्नी स्वर्गीय संतपाल, निवासी गोलागेट बेरीपड़ाव के रूप में हुई है। बताया गया कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले की रहने वाली थी और वर्तमान में अपने परिवार के साथ बेरीपड़ाव में रह रही थी।

बुधवार सुबह खुरपिया फॉर्म क्षेत्र में महिला का शव पड़े होने की सूचना मिलने पर कोतवाली लालकुआं के प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन राणा तथा हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी अर्जुन नाथ गोस्वामी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए, वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से महत्वपूर्ण नमूने एकत्र किए।

परिजनों के अनुसार सुनीता मंगलवार शाम से घर से लापता थी। परिवार के सदस्य पूरी रात उसकी तलाश करते रहे, लेकिन बुधवार सुबह उसके शव मिलने की सूचना मिली। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस हत्या, आत्महत्या और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है, जबकि पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता