धनतेरस से भैयादूज तक हरिद्वार में बदला रहेगा यातायात प्लान,
हरिद्वार, 05 नवंबर (हि.स.)। धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैयादूज के त्योहारों को देखते हुए हरिद्वार पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। इसके तहत शहर के प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुबह आठ बजे से रात दस बजे तक भारी वाहनों और कमर्शियल लोडिंग वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। ज्वालापुर, नगर कोतवाली, कनखल और रानीपुर क्षेत्र में अलग-अलग पार्किंग स्थल और बैरियर प्वाइंट निर्धारित किए गए हैं। यातायात का दबाव बढ़ने पर विभिन्न मार्गों पर वन-वे व्यवस्था भी लागू की जाएगी।
ज्वालापुर में इन मार्गों पर रहेगी नो-एंट्री
कोतवाली ज्वालापुर क्षेत्र में जटवाड़ा पुल से दुर्गा चौक, रेल चौकी, सेक्टर-2 और भगत सिंह चौक तक सुबह आठ से रात दस बजे तक भारी वाहन और सभी प्रकार के कमर्शियल लोडिंग वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। बीएचईएल और भगत सिंह चौक की ओर से आने वाले वाहनों के लिए ज्वालापुर इंटर कॉलेज, रेलवे स्टेशन परिसर और भगत सिंह चौक से सेक्टर-2 के बीच खाली स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
सिंहद्वार और आर्यनगर की ओर से आने वाले वाहन रेलवे अंडरपास से पहले रेलवे ट्रैक के पास पार्क किए जाएंगे। दुर्गा चौक की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भाईचारा होटल के पास पार्किंग बनाई गई है। वहीं, बीएचईएल से रानीपुर मोड़ की ओर जाने वाले वाहन डॉ. चंदेला अस्पताल के सामने और भगत सिंह चौक से शिवमूर्ति चौक के बीच निर्धारित स्थानों पर खड़े किए जा सकेंगे।
यातायात का दबाव बढ़ने पर बीएचईएल और सेक्टर-2 से आने वाले वाहनों को भगत सिंह चौक से टिबड़ी होते हुए पुराने रानीपुर मोड़ की ओर वन-वे संचालित किया जाएगा। श्रीराम चौक से कटहरा बाजार की ओर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। जरूरत पड़ने पर सेक्टर-2 से श्रीराम चौक तक दोपहिया और चौपहिया वाहनों की आवाजाही भी रोकी जा सकती है।
हरकी पैड़ी और खड़खड़ी क्षेत्र में भी यातायात प्रतिबंध
नगर कोतवाली क्षेत्र में सुबह आठ से रात दस बजे तक सूखी नदी तिराहे से भीमगौड़ा बैरियर और पंतद्वीप निकासी द्वार से भीमगौड़ा बैरियर तक भारी वाहनों और कमर्शियल लोडिंग वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वेदनिकेतन आश्रम तिराहे से श्मशान घाट की ओर जाने वाले मार्ग पर ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा प्रतिबंधित रहेंगे। दूधाधारी और करपात्री चौक से खड़खड़ी की ओर आने वाले वाहनों के लिए सूखी नदी पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया है।
देवपुरा और ऋषिकुल की ओर से पुराने रानीपुर मोड़ की तरफ जाने वाले वाहन ऋषिकुल मैदान में पार्क किए जाएंगे। दूधाधारी की ओर से भीमगौड़ा आने वाले ऑटो, विक्रम, ई-रिक्शा और चौपहिया वाहनों को सूखी नदी तिराहे से बाईं ओर करपात्री चौक होते हुए हाईवे से भेजा जाएगा।
कनखल में सिंहद्वार से जगजीतपुर तक प्रतिबंध
थाना कनखल क्षेत्र में सिंहद्वार से चौकी जगजीतपुर तक सुबह आठ से रात दस बजे तक सभी प्रकार के कमर्शियल लोडिंग वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। कृष्णानगर पुलिया से प्रेमनगर चौक की ओर जाने वाले नहर पटरी मार्ग के किनारे खाली स्थानों पर वाहनों की पार्किंग कराई जाएगी। सिंहद्वार से देशरक्षक तिराहे के बीच यातायात का दबाव बढ़ने पर शंकर आश्रम और ज्वालापुर की ओर से आने वाले वाहनों को प्रेमनगर चौक से ज्वालानवी डेल और रामदेव पुलिया होते हुए निकाला जाएगा। रामदेव पुलिया, देशरक्षक तिराहा, कृष्णानगर पुलिया और सिंहद्वार पर दबाव बढ़ने की स्थिति में लक्सर से हरिद्वार आने वाले वाहनों को जियापोता से सराय होते हुए डायवर्ट किया जाएगा।
शिवालिकनगर में भी लागू रहेगा प्रतिबंध
कोतवाली रानीपुर क्षेत्र में चिन्मय चौक से शिवालिकनगर चौक, बसपा तिराहा और सलेमपुर चौक तक सुबह आठ से रात दस बजे तक भारी और छोटे कमर्शियल लोडिंग वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। रोशनाबाद और बीएचईएल से शिवालिकनगर की ओर आने वाले वाहनों के लिए चिन्मय डिग्री कॉलेज के सामने तथा शिवालिकनगर चौक के निकट बी-गेट के सामने खाली स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
पुलिस की अपील, निर्धारित पार्किंग में ही खड़े करें वाहन
हरिद्वार पुलिस ने आमजन से अपील की है कि त्योहारों के दौरान बाजारों में भीड़ और जाम से बचने के लिए निर्धारित और चिह्नित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें। पुलिस ने अधिक से अधिक लोगों से दोपहिया वाहनों का प्रयोग करने की अपील की है। नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के खिलाफ लगातार टोइंग की कार्रवाई की जाएगी और नो-एंट्री नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।
पुलिस ने व्यापारियों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि दुकानों के सामने वाहन खड़े करने वाले ग्राहकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़ा करने के लिए प्रेरित करें। साथ ही त्योहारों के दौरान लागू वन-वे व्यवस्था का पालन कर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

