home page

देवउठनी एकादशी शुक्रवार काे, भगवान विष्णु के जागते ही शुरू होंगे मांगलिक कार्य

 | 
देवउठनी एकादशी शुक्रवार काे, भगवान विष्णु के जागते ही शुरू होंगे मांगलिक कार्य


शाम 5ः26 से 5ः52 बजे तक रहेगा पूजन का शुभ मुहूर्त, तुलसी-शालिग्राम विवाह की भी रहेगी धूम

हरिद्वार, 19 नवंबर (हि.स.)। चार महीने के चातुर्मास के बाद शुक्रवार को देवउठनी एकादशी के साथ मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाएगी। कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी पर मनाए जाने वाले इस पर्व को देवोत्थान और प्रबोधिनी एकादशी भी कहा जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु चार माह की योग निद्रा से जागते हैं। इसी के साथ विवाह, गृह प्रवेश और अन्य शुभ संस्कारों पर लगी रोक समाप्त हो जाती है। इसके साथ ही चार माह से सृष्टि की सत्ता का संचालन कर रहे भगवान शिव के हाथों से सत्ता का हस्तांतरण हो जाएगा।

देवउठनी एकादशी पर घरों और मंदिरों में भगवान विष्णु की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। इस अवसर पर तुलसी और शालिग्राम विवाह की परंपरा भी निभाई जाएगी। ज्योतिषाचार्य पं. देवेन्द्र शुक्ल शास्त्री के अनुसार, आषाढ़ शुक्ल एकादशी को भगवान विष्णु योग निद्रा में चले जाते हैं। इसके बाद कार्तिक शुक्ल एकादशी को उनके जागने के साथ चातुर्मास समाप्त होता है। इसी कारण इस तिथि को सनातन परंपरा में विशेष महत्व दिया गया है। इस दिन को देव दीपावली भी कहा जाता है। घरों में दीपदान और रोशनी करने की भी परम्परा है।

गोधूलि बेला में जगाए जाएंगे भगवान विष्णु

पं. देवेन्द्र शुक्ल शास्त्री के अनुसार, 20 नवंबर को शाम 5ः 26 बजे से 5ः 52 बजे तक गोधूलि मुहूर्त रहेगा। इस दौरान भगवान विष्णु को जगाने की परंपरा निभाना शुभ माना गया है। श्रद्धालु सुबह स्नान कर पूजा-अर्चना करें और शाम को शंख, घंटा व मृदंग की ध्वनि के बीच भगवान को योग निद्रा से जगाएं। इस दौरान उत्तिष्ठोत्तिष्ठ गोविन्द उत्तिष्ठ गरुडध्वज। उत्तिष्ठ कमलाकान्त त्रैलोक्यं मङ्गलं कुरु मंत्र का उच्चारण किया जाता है।

गन्ना, सिंघाड़ा और शकरकंद का लगेगा भोग

भगवान विष्णु को जगाने के बाद पंचामृत से अभिषेक कर मौसमी फल और सब्जियों का भोग लगाने की परंपरा है। इसमें गन्ना, सिंघाड़ा, शकरकंद, नया आलू और गुड़ विशेष रूप से शामिल किए जाते हैं। एकादशी पर व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं को सात्विकता का पालन करने और चावल व तामसिक भोजन से परहेज करने की सलाह दी जाती है।

एकादशी तिथि प्रारंभ, 20 नवंबर को सुबह 7.15 बजे से

एकादशी तिथि समाप्त 21 नवंबर को सुबह 6.31 बजे तक

व्रत पारण का समय 21 नवंबर को सुबह 6.49 बजे से सुबह 8.56 बजे के बीच

तुलसी विवाह 21 नवंबर शनिवार को मनाया जाएगा

विष्णु सहस्रनाम और मंत्र जाप का महत्व

पं. देवेन्द्र शुक्ल शास्त्री ने बताया कि देवउठनी एकादशी पर नमो भगवते वासुदेवाय मंत्र का जाप विशेष पुण्यदायी माना गया है। इस पर्व के साथ ही मांगलिक आयोजनों और विवाह समारोहों का सिलसिला भी शुरू हो जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला