भाई दूज पर बहनों ने भाइयों के माथे पर लगाया तिलक, मांगी लंबी उम्र की दुआ
हरिद्वार, 11 नवंबर (हि.स.)। धर्मनगरी हरिद्वार में भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक भाई दूज का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों में पर्व को लेकर उत्साह देखने को मिला। बहनों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भाइयों के माथे पर तिलक लगाया और उनकी सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं दीर्घायु की कामना की। वहीं भाइयों ने बहनों को उपहार भेंट कर उनकी रक्षा और सम्मान का संकल्प लिया।
पर्व के चलते बाजारों में भी रौनक रही। मिठाई की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ दिखाई दी। बहनों ने भाइयों के लिए मिठाइयां और उपहार खरीदे। दूसरे शहरों में नौकरी और कारोबार करने वाले भाई भी पर्व मनाने के लिए घर पहुंचे। इससे परिवारों में उत्सव का माहौल बना रहा।
यमराज और यमुना से जुड़ी है पौराणिक मान्यता
भाई दूज को यम द्वितीया के नाम से भी जाना जाता है। पौराणिक मान्यता के अनुसार सूर्यदेव और संज्ञा के पुत्र यमराज तथा पुत्री यमुना भाई-बहन थे। यमुना अपने भाई यमराज से हमेशा अपने घर आने का आग्रह करती थीं। कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को यमराज अपनी बहन यमुना के घर पहुंचे। यमुना ने उनका स्वागत किया, माथे पर तिलक लगाया और भोजन कराया। बहन के स्नेह और सत्कार से प्रसन्न होकर यमराज ने उन्हें वरदान मांगने को कहा।
यमुना ने वरदान मांगा कि जो भाई इस दिन अपनी बहन के घर जाकर उससे तिलक करवाए और भोजन ग्रहण करे, उसे अकाल मृत्यु का भय न रहे। यमराज ने यह वरदान स्वीकार कर लिया। तभी से भाई दूज मनाने की परंपरा प्रचलित होने की मान्यता है।
धार्मिक मान्यता है कि इस दिन बहन के हाथों तिलक करवाने और यमुना स्नान करने से भाई को यमराज के भय से मुक्ति तथा सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मिलता है। इसी विश्वास के चलते भाई दूज पर यमुना स्नान और बहनों से तिलक करवाने का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

