home page

लोहाघाट की सियासत में फर्त्याल की हुंकार, कांग्रेस विधायक पर साधा निशाना

 | 
लोहाघाट की सियासत में फर्त्याल की हुंकार, कांग्रेस विधायक पर साधा निशाना


लोहाघाट की सियासत में फर्त्याल की हुंकार, कांग्रेस विधायक पर साधा निशाना


चंपावत, 16 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। लोहाघाट में भाजपा के पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने पार्टी में 20 वर्ष पूरे होने के अवसर पर जन आशीर्वाद रैली आयोजित कर अपनी राजनीतिक सक्रियता और जनाधार का प्रदर्शन किया। शीतला माता मंदिर से शुरू हुई रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए रामलीला मैदान पहुंची, जहां जनसभा आयोजित की गई। रैली में दूरस्थ क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और बुजुर्ग शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पूरन सिंह फर्त्याल के समर्थन में नारेबाजी होती रही।

जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक फर्त्याल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है और सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। इसके बाद उन्होंने स्थानीय विधायक एवं कांग्रेस नेता खुशाल सिंह अधिकारी पर तीखे राजनीतिक हमले किए। फर्त्याल ने आरोप लगाया कि वर्तमान विधायक के कार्यकाल में लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र विकास की दृष्टि से दस वर्ष पीछे चला गया है। उन्होंने विधायक निधि के इस्तेमाल पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि विकास कार्यों के बजाय इसका उपयोग चुनावी लाभ हासिल करने के लिए किया जा रहा है।

फर्त्याल ने अपने दस वर्ष के विधायक कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके समय में क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य शुरू कराए गए थे, लेकिन इनमें से अनेक योजनाएं आज भी अधूरी पड़ी हैं। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र की जनता उनके कार्यकाल के विकास कार्यों और वर्तमान स्थिति के बीच अंतर समझती है। उन्होंने धनबल के सहारे चुनाव जीतने की कोशिश करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता इसका जवाब देगी।

धारचूला के कांग्रेस विधायक हरीश धामी पर भी फर्त्याल ने निशाना साधा। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति कथित अभद्र भाषा के प्रयोग की निंदा करते हुए इसे कांग्रेस की राजनीतिक मानसिकता से जोड़ा।

जनसभा में फर्त्याल ने भाजपा के उन नेताओं पर भी सवाल उठाए, जो रैली में शामिल नहीं हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी के कुछ नेताओं ने भाजपा प्रत्याशी के बजाय कांग्रेस का साथ दिया था। उन्होंने कहा कि इस बार ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। उनके इस बयान को पार्टी के भीतर मौजूद असंतोष और आगामी चुनाव से पहले संगठनात्मक समीकरणों के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

फर्त्याल ने कहा कि उनके लिए पद से अधिक जनता का विश्वास मायने रखता है। विधायक रहें या नहीं, वह हमेशा क्षेत्र की जनता के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने रैली में उमड़े जनसमर्थन के लिए लोगों का आभार जताते हुए वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में आशीर्वाद मांगा। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा एक बार फिर प्रदेश में सरकार बनाएगी और चम्पावत जिले की दोनों विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगी।

रैली में उमड़ी भीड़ को पूर्व विधायक फर्त्याल के शक्ति प्रदर्शन और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए उनकी राजनीतिक दावेदारी के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन शांभवी मुरारी ने किया। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष गिरीश कुँवर, पालिकाध्यक्ष गोविंद वर्मा, ब्लॉक प्रमुख महेंद्र ढेक, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश करायत, चंद्रशेखर बगोली, राजेश बिष्ट, बहादुर फर्त्याल, प्रवीण पांडे, प्रकाश राय, केशर सिंह, नवीन बोहरा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुषमा फर्त्याल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति राय, पूर्व ब्लॉक प्रमुख विनीता फर्त्याल सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी