home page

पुलिस लाइन में महिला ऐच्छिक ब्यूरो की काउंसिलिंग, 5 परिवार टूटने से बचे

 | 
पुलिस लाइन में महिला ऐच्छिक ब्यूरो की काउंसिलिंग, 5 परिवार टूटने से बचे


हरिद्वार, 22 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस लाइन रोशनाबाद में बुधवार को महिला ऐच्छिक ब्यूरो की काउंसिलिंग बैठक आयोजित की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आयोजित इस बैठक का उद्देश्य बिखरते परिवारों को जोड़ना और पारिवारिक विवादों का शांतिपूर्ण समाधान करना रहा।

बैठक में कुल 09 पारिवारिक प्रकरणों पर काउंसिलिंग की गई, जिनमें से 05 परिवारों को आपसी सहमति से साथ रहने के लिए राजी कर लिया गया, जबकि 04 परिवारों को विचार-विमर्श के लिए अतिरिक्त समय दिया गया।

इस काउंसिलिंग में नोडल अधिकारी महिला सुरक्षा, हेल्पलाइन, मनोवैज्ञानिक असिस्टेंट प्रोफेसर अरुण कुमार, समाजशास्त्री विनोद शर्मा, अधिवक्ता रीमा साहीम, प्रधानाचार्य तथा महिला हेल्पलाइन की प्रभारी उपनिरीक्षक अंजना चौहान सहित कई विशेषज्ञ शामिल रहे।

महिला हेल्पलाइन के माध्यम से जटिल पारिवारिक विवादों में दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर उनकी समस्याओं को सुना गया और समझाइश देकर रिश्तों को बचाने का प्रयास किया गया। हरिद्वार पुलिस का यह प्रयास लगातार सकारात्मक परिणाम दे रहा है, जिससे कई परिवार टूटने से बच रहे हैं। पुलिस का मानना है कि परिवार मजबूत रहेगा तो समाज और संस्कृति भी सुरक्षित रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला