जिला जज की तस्वीर लगाकर बनाया फर्जी व्हाट्सऐप खाता, मुकदमा दर्ज
हरिद्वार, 27 अगस्त (हि.स.)। जिला जज हरिद्वार की तस्वीर का दुरुपयोग कर फर्जी व्हाट्सऐप खाता बनाने और उसके माध्यम से लोगों से रुपये मांगने का मामला सामने आया है। न्यायालय प्रशासन की शिकायत पर सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जिला न्यायालय हरिद्वार के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी मनोज कुमार चौहान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अपर जिला जज, लक्सर की ओर से कुछ व्हाट्सऐप बातचीत के स्क्रीनशॉट प्राप्त हुए थे। इन स्क्रीनशॉट में जिला जज नरेंद्र दत्त की तस्वीर लगी हुई थी और बातचीत के माध्यम से रुपये की मांग की जा रही थी।
मामला संज्ञान में आने के बाद न्यायालय प्रशासन ने इसकी जानकारी जुटाई। जांच में पता चला कि जिस मोबाइल नंबर से संदेश भेजे गए थे, वह जिला जज का नहीं है। जिला जज की ओर से किसी व्यक्ति को इस प्रकार का कोई संदेश भेजकर रुपये की मांग भी नहीं की गई थी।
इसके बाद न्यायालय प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के साथ फर्जी व्हाट्सऐप खाते से हुई बातचीत के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपे गए हैं।
आशंका है कि किसी व्यक्ति ने जिला जज की पहचान और तस्वीर का दुरुपयोग कर फर्जी व्हाट्सऐप खाता बनाया और न्यायिक अधिकारी की प्रतिष्ठा का इस्तेमाल करते हुए लोगों से रुपये ऐंठने का प्रयास किया। पुलिस संबंधित मोबाइल नंबर और व्हाट्सऐप खाते की तकनीकी जानकारी जुटा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

