home page

यूकेएसएसएससी स्नातक स्तरीय परीक्षा 53 परीक्षा केंद्रों पर होगी

 | 
यूकेएसएसएससी स्नातक स्तरीय परीक्षा 53 परीक्षा केंद्रों पर होगी


हरिद्वार, 11 जून (हि.स.)। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) की स्नातक स्तरीय लिखित प्रतियोगी परीक्षा 14 जून को जनपद हरिद्वार के 53 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगी। इसके लिए नोडल अधिकारी, जोनल मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं, जो परीक्षा के दौरान लगातार निगरानी रखेंगे।

जिलाधिकारी ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, स्वच्छता, बिजली, बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा से एक दिन पूर्व सभी केंद्रों का प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा संयुक्त निरीक्षण किया जाए। सीसीटीवी कैमरों, जैमर और अन्य सुरक्षा उपकरणों की कार्यशीलता की भी जांच सुनिश्चित की जाएगी।

परीक्षा दिवस पर सुबह 8 बजे से केंद्र परिसरों की सघन चेकिंग और सैनिटाइजेशन किया जाएगा। अभ्यर्थियों के प्रवेश के दौरान फ्रिस्किंग की व्यवस्था रहेगी, जिसके लिए पुलिस बल और महिला कर्मियों की तैनाती की जाएगी।

जिलाधिकारी ने परीक्षा अवधि के दौरान धारा 163 का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र नहीं होने दी जाएगी।

बैठक में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपम रामचंद्र सेठ, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, एसपी ट्रैफिक निशा यादव, नगर मजिस्ट्रेट हरगिरी, नगर आयुक्त रुड़की गोपाल राम बिनवाल, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं परीक्षा केंद्रों के लिए नियुक्त ऑब्जर्वर उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला