home page

विधानसभा चुनाव 2027 के लिए ईवीएम और वीवीपैट जागरूकता अभियान शुरू, सभी 70 क्षेत्रों में पहुंचेंगी मोबाइल वैन

 | 
विधानसभा चुनाव 2027 के लिए ईवीएम और वीवीपैट जागरूकता अभियान शुरू, सभी 70 क्षेत्रों में पहुंचेंगी मोबाइल वैन


देहरादून, 26 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वोटर वेरिफाएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) को लेकर जन-जागरूकता अभियान शुरू हो गया है। इसके तहत प्रदेश के सभी 70 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन के माध्यम से मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने गुरुवार को बताया कि निर्वाचन में इस्तेमाल होने वाली ईवीएम और वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) पूरी होने के बाद प्रशिक्षण एवं जागरूकता के लिए 974 बैलेट यूनिट (बीयू), 974 कंट्रोल यूनिट (सीयू) और 974 वीवीपैट मशीनें निर्धारित की गई हैं। यह प्रक्रिया मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में पूरी की गई। इन मशीनों की सूची भी राजनीतिक दलों के साथ साझा की गई है। जागरूकता अभियान में इस्तेमाल होने वाली मशीनों को निर्वाचन आयोग के निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत अलग गोदाम में रखा जाएगा।

उन्होंने बताया कि ईवीएम और वीवीपैट के व्यावहारिक प्रदर्शन के लिए प्रत्येक जिला निर्वाचन अधिकारी और रिटर्निंग अधिकारी के मुख्यालय पर ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर (ईडीसी) स्थापित किए गए हैं। यहां आम नागरिक मतदान प्रक्रिया का अभ्यास कर सकते हैं। इसके अलावा मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन (एमडीवी) गांवों, मोहल्लों, वार्डों, मतदान केंद्रों और विभिन्न क्लस्टरों तक पहुंचकर लोगों को जागरूक करेंगी।

डॉ. पुरुषोत्तम ने बताया कि विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होने तक यह अभियान प्रत्यक्ष रूप से जारी रहेगा। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद ईवीएम और वीवीपैट से संबंधित जागरूकता गतिविधियां केवल डिजिटल माध्यमों से संचालित की जाएंगी। अभियान की प्रगति पर भी निगरानी रखी जाएगी। इसके तहत जिला निर्वाचन अधिकारियों और रिटर्निंग अधिकारियों को साप्ताहिक अथवा पाक्षिक आधार पर यह जानकारी मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध करानी होगी कि कितने मतदान केंद्रों को कवर किया गया, कितने लोगों ने प्रदर्शन देखा और कितने लोगों ने मॉक पोल में हिस्सा लिया।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़ और चम्पावत में 16 नवंबर से अभियान शुरू हो चुका है। टिहरी गढ़वाल, बागेश्वर और नैनीताल में 18 नवंबर, चमोली में 20 नवंबर, उत्तरकाशी और ऊधमसिंह नगर में 21 नवंबर तथा रुद्रप्रयाग में 25 नवंबर से अभियान शुरू किया गया है।

उन्होंने प्रदेश के सभी मतदाताओं से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली को समझना मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण है।

-------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय