आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करें : धामी
-कालाबाजारी, जमाखोरी और मुनाफाखोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश
देहरादून, 25 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने और आम जनता को उचित दरों पर सामान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कालाबाजारी, जमाखोरी और मुनाफाखोरी के जरिए कृत्रिम रूप से कीमतें बढ़ाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग समेत संबंधित विभागों को बाजार में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और कीमतों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर कृत्रिम कमी पैदा कर उपभोक्ताओं से अधिक कीमत वसूलने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अधिकारियों को मांग और आपूर्ति की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा आवश्यकता के अनुसार समयबद्ध कदम उठाने को कहा गया है।
धामी ने सभी जिलों के प्रशासन को नियमित रूप से बाजारों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान आवश्यक वस्तुओं के निर्धारित और प्रचलित बाजार मूल्य के साथ दुकानों एवं प्रतिष्ठानों में उपलब्ध स्टॉक की भी जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि कालाबाजारी, जमाखोरी अथवा निर्धारित मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित व्यक्ति या प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में अनावश्यक वृद्धि का सीधा असर आम नागरिकों के घरेलू बजट पर पड़ता है। राज्य सरकार आम जनता के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने शासन और जिला प्रशासन के अधिकारियों को आपसी समन्वय से बाजार की स्थिति पर सतत निगरानी रखने तथा अनियमितता की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

