home page

हरिद्वार में ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज को मंजूरी, हर बैच में 50 एमबीबीएस सीटें

 | 
हरिद्वार में ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज को मंजूरी, हर बैच में 50 एमबीबीएस सीटें


देहरादून, 01 अक्टूबर (हि.स.)। हरिद्वार में ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है। कर्मचारी राज्य बीमा निगम ने मेडिकल कॉलेज को मंजूरी दे दी है। कॉलेज में प्रत्येक बैच में 50 एमबीबीएस छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा। मौजूदा ईएसआईसी अस्पताल के बुनियादी ढांचे और उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए मेडिकल कॉलेज शुरू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मेडिकल कॉलेज को मंजूरी मिलने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि केंद्र के सहयोग से उत्तराखंड में स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में लगातार कार्य हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार में मेडिकल कॉलेज शुरू होने से चिकित्सा शिक्षा के अवसरों का विस्तार होगा और क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी। मौजूदा ईएसआईसी अस्पताल के बुनियादी ढांचे के इस्तेमाल से उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित होगा और चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में मदद मिलेगी।

ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज की स्थापना को मंजूरी 30 जून, 2026 को नई दिल्ली स्थित ईएसआईसी मुख्यालय में हुई निगम की 198वीं बैठक में लिए गए निर्णय के क्रम में दी गई है। इसके तहत हरिद्वार में पहले से उपलब्ध ईएसआईसी अस्पताल के संसाधनों और ढांचे को मेडिकल शिक्षा के लिए उपयोग में लाया जाएगा।

मेडिकल कॉलेज की स्थापना से उत्तराखंड में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक नया विकल्प जुड़ने के साथ एमबीबीएस की 50 सीटें उपलब्ध होंगी। इससे राज्य के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के लिए एक और संस्थान मिलेगा। साथ ही अस्पताल से जुड़े मौजूदा स्वास्थ्य ढांचे का उपयोग व्यापक स्तर पर किया जा सकेगा।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय