home page

पंत पार्क क्षेत्र में दोपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित, दो वाहन सीज

 | 
पंत पार्क क्षेत्र में दोपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित, दो वाहन सीज


नैनीताल, 25 जुलाई (हि.स.)। मल्लीताल के पंत पार्क क्षेत्र में प्रतिबंध के बावजूद दोपहिया वाहनों की आवाजाही पर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत के निर्देश के बाद अब रिक्शा स्टैंड से पंत पार्क की ओर किसी भी वाहन को प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। ऐसा करने वाले दो वाहनों को पुलिस ने सीज कर सख्ती बरतने का बड़ा संदेश भी दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कुमाऊं आयुक्त ने शुक्रवार देर रात मल्लीताल रिक्शा स्टैंड क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रिक्शा स्टैंड पर तैनात पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए कि बिना अनुमति किसी भी वाहन को पंत पार्क की ओर जाने की अनुमति न दी जाए। उन्होंने कहा कि उन्हें लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रतिदिन दोपहिया वाहन प्रवेश कर रहे हैं।

आयुक्त के निर्देश के बाद कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पंत पार्क क्षेत्र में मिले दो दोपहिया वाहनों को सीज कर दिया। साथ ही नयना देवी मंदिर के नये बने प्रवेश द्वार पर बैरियर लगाकर प्रतिबंधित क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोकने की व्यवस्था कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि पंत पार्क क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटकों और स्थानीय लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में दोपहिया वाहनों के प्रवेश से पैदल चलने वाले लोगों की सुरक्षा प्रभावित हो रही थी। इसी को देखते हुए प्रतिबंध को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है।

कोतवाल राजेंद्र रावत ने बताया कि कुमाऊं आयुक्त के निर्देशानुसार गेट पर बैरियर स्थापित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित क्षेत्र में यदि कोई बाइक या स्कूटी प्रवेश करती अथवा पार्क की हुई मिलती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गेट के बाहर प्रशासनिक वाहनों के खड़े होने पर भी नाराजगी

नैनीताल। प्रशासन ने शनिवार से जिस स्थान यानी नयना देवी मंदिर के नये बने गेट से पंत पार्क की ओर दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया है, उस स्थान पर अक्सर प्रशासनिक वाहन खड़े दिख रहे हैं। इससे नये बने भव्य द्वार की शोभा भी प्रभावित हो रही है और यहां से पंत पार्क व नयना देवी मंदिर की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी असुविधा हो रही है। स्थानीय लोग सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से यहां प्रशासनिक वाहनों के खड़े होने पर आपत्ति भी जता रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी