home page

ब्यूटी पार्लर उद्यम से महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल

 | 
ब्यूटी पार्लर उद्यम से महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल


चमोली, 12 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की स्वरोजगार और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की पहल के तहत जनपद चमोली की ग्रामीण महिला ने आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है। जनपद के ग्राम कुशरानी मल्ली निवासी गुड्डी देवी ने अंतरराष्ट्रीय कृषि विकास कोष (आईएफएडी) सहायतित ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के सहयोग से ब्यूटी पार्लर उद्यम स्थापित कर सफल स्वरोजगार का उदाहरण प्रस्तुत किया है।

वित्तीय वर्ष 2025-26 में माई स्वयं सहायता समूह एवं सरस्वती स्वायत्त सहकारिता, माईथान से जुड़ी गुड्डी देवी को ब्यूटी पार्लर स्थापित करने के लिए REAP परियोजना के तहत 75 हजार रुपये की सहायता दी गई। इसके अलावा बैंक के माध्यम से तीन लाख रुपये की सीसीएल सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

परियोजना और बैंक सहयोग से उन्होंने अपने क्षेत्र में ब्यूटी पार्लर शुरू किया, जहां वे महिलाओं को विभिन्न प्रकार की ब्यूटी और मेकअप सेवाएं प्रदान कर रही हैं। स्थानीय स्तर पर उनकी सेवाओं को अच्छी पहचान मिल रही है।

गुड्डी देवी वर्तमान में प्रतिमाह लगभग 20 से 25 हजार रुपये तक की आय अर्जित कर रही हैं, जिससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार आया है।

उन्होंने मुख्यमंत्री,रीप परियोजना और बैंक सहयोग के प्रति आभार जताते हुए कहा कि पहले उन्होंने छोटे स्तर पर कार्य शुरू किया था, लेकिन अब उनका ब्यूटी पार्लर परिवार की आय का प्रमुख माध्यम बन गया है। उन्होंने कहा कि अब वे अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय