home page

पुरानी पेंशन बहाली समेत मांगों को लेकर कर्मचारियों-शिक्षकों में रोष

 | 

नई टिहरी, 29 अगस्त (हि.स.)। उत्तरांचल पर्वतीय कर्मचारी शिक्षक संगठन की बैठक में पुरानी पेंशन बहाली, गोल्डन कार्ड की विसंगतियां दूर करने और अन्य लंबित मांगों का समाधान नहीं होने पर रोष जताया गया। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारी और शिक्षक लंबे समय से अपनी मांगों के समाधान के लिए सरकार से आग्रह कर रहे हैं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से उनमें असंतोष बढ़ रहा है।

शनिवार को प्रदेश संरक्षक पंचम सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में हुई बैठक में लंबित समस्याओं के समाधान के लिए आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की गई। बिष्ट ने कहा कि कर्मचारी-शिक्षकों की मांगों के संबंध में शासन स्तर पर वार्ता तो होती है, लेकिन ठोस निर्णय नहीं लिए जा रहे हैं।

बैठक में गोल्डन कार्ड में आ रही विसंगतियों को दूर करने, 10, 16 और 26 वर्ष की सेवा पर एसीपी का लाभ देने और पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग उठाई गई। इन मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि 13 सितंबर को देहरादून में प्रस्तावित विशाल रैली को सफल बनाने के लिए जिले से अधिकाधिक कर्मचारी और शिक्षक भाग लेंगे।

जिलाध्यक्ष राजीव नेगी और सचिव राकेश भट्ट ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर प्रदेशभर के कर्मचारी-शिक्षक कई वर्षों से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन अभी तक सरकार की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी