home page

गढ़वाल विश्वविद्यालय बिड़ला परिसर छात्रसंघ चुनाव कार्यक्रम घोषित,11 सितंबर को मतदान

 | 
गढ़वाल विश्वविद्यालय बिड़ला परिसर छात्रसंघ चुनाव कार्यक्रम घोषित,11 सितंबर को मतदान


श्रीनगर (गढ़वाल), 28 अगस्त (हि.स.)। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के बिड़ला परिसर, श्रीनगर में छात्रसंघ चुनाव 2026-27 का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. एम.सी. सती की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार छात्रसंघ के विभिन्न पदों के लिए मतदान 11 सितंबर को होगा और इसी दिन मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।

छात्रसंघ में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सह-सचिव, कोषाध्यक्ष और छह कार्यकारिणी सदस्यों के अलावा विश्वविद्यालय छात्रसंघ प्रतिनिधि (यूआर) का निर्वाचन होगा। अधिसूचना के अनुसार नामांकन पत्र दो सितंबर को सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक और तीन सितंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक जमा किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच पांच सितंबर को सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक होगी। इसी दिन शाम पांच बजे प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। नामांकन वापसी भी पांच सितंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक होगी।

मतदान 11 सितंबर को सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक होगा। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना शुरू की जाएगी और परिणाम उसी दिन घोषित किए जाएंगे। निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह 12 सितंबर को सुबह 10 बजे एसीएल हॉल में होगा।

चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी, प्रस्तावक और अनुमोदक का बिड़ला परिसर का नियमित या संस्थागत छात्र होना अनिवार्य है। प्रत्याशी के लिए नामांकन शुल्क 100 रुपये निर्धारित किया गया है। स्नातक स्तर के प्रत्याशी की आयु एक जुलाई 2026 को 17 से 22 वर्ष और स्नातकोत्तर स्तर के प्रत्याशी की अधिकतम आयु 25 वर्ष निर्धारित है। व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में निर्धारित अवधि के आधार पर आयु सीमा में एक वर्ष की छूट का प्रावधान है।

प्रत्याशी के लिए अपनी कक्षा में कम से कम 75 प्रतिशत उपस्थिति भी अनिवार्य होगी। विश्वविद्यालय या महाविद्यालय द्वारा दंडित छात्र-छात्रा छात्रसंघ का चुनाव नहीं लड़ सकेगा।

प्रत्येक प्रत्याशी चुनाव प्रचार में अधिकतम पांच हजार रुपये खर्च कर सकेगा। इससे अधिक खर्च पाए जाने पर निर्वाचन निरस्त किया जा सकता है। प्रत्याशी को परिणाम घोषित होने के दो सप्ताह के भीतर चुनावी खर्च का प्रमाणित लेखा-जोखा मुख्य चुनाव अधिकारी के कार्यालय में जमा करना होगा।

चुनाव प्रक्रिया में लिंगदोह समिति की संस्तुतियों तथा विश्वविद्यालय की ओर से छात्र हित में जारी संशोधनों और निर्देशों का पालन करना होगा। मतदान के दिन परिसर में किसी भी प्रकार की प्रचार सामग्री लेकर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। नियमों के उल्लंघन पर प्रत्याशी के खिलाफ कार्रवाई के साथ नामांकन या निर्वाचन निरस्त किया जा सकता है।

किसी पद पर दो या अधिक प्रत्याशियों को समान मत मिलने की स्थिति में विजेता का फैसला लॉटरी (ड्रा) के माध्यम से किया जाएगा। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही बिड़ला परिसर में छात्रसंघ चुनाव को लेकर छात्र गतिविधियों और राजनीतिक सरगर्मियों के तेज होने की संभावना है।

-----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय