एसआईआर को लेकर जिलों को निर्देश, तैयार करें एक्शन प्लान
देहरादून, 17 मार्च (हि.स.)। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने आगामी अप्रैल माह में प्रस्तावित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर मंगलवार को सचिवालय में सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी जनपदों को एसआईआर के लिए विस्तृत एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में कम मैपिंग वाले जनपदों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित ईआरओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अलग-अलग रणनीति बनाकर कार्य करने पर जोर दिया। समीक्षा के दौरान बताया गया कि प्रदेश में अब तक 87 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है, जबकि देहरादून, उधमसिंह नगर और नैनीताल जनपदों में प्रगति अपेक्षाकृत कम है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्रों में नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी एसआईआर प्रक्रिया में शामिल किया जाए और बीएलओ के प्रशिक्षण कार्य निरंतर जारी रखे जाएं।
उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि एसआईआर से पूर्व प्रत्येक बूथ पर शत-प्रतिशत बूथ लेवल एजेंट्स की नियुक्ति सुनिश्चित करने के लिए राजनीतिक दलों के साथ बैठक आयोजित की जाए। साथ ही गणना प्रपत्रों के समयबद्ध वितरण के लिए विस्तृत योजना तैयार करने को भी कहा गया।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ.विजय कुमार जोगदंडे,उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी,सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

