home page

एसआईआर में आईटी वॉलिंटियर्स करेंगे बीएलओ की मदद

 | 
एसआईआर में आईटी वॉलिंटियर्स करेंगे बीएलओ की मदद


-हर बूथ पर तकनीकी दक्ष युवाओं की तैनाती के निर्देश

देहरादून, 20 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड में आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की तैयारियों के तहत मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने शुक्रवार को सचिवालय में राज्य नोडल अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में संबंधित अधिकारियों को अभियान के प्रभावी संचालन के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश के सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ आईटी वॉलिंटियर्स की तैनाती की जाएगी। ये वॉलिंटियर्स गणना प्रपत्रों के डिजिटलीकरण, वितरण और संकलन में सहयोग करेंगे, जिससे प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुगम बनाया जा सके।

उन्होंने ग्राम्य विकास एवं शहरी विकास विभाग को निर्देश दिए कि इस अभियान में तकनीकी रूप से दक्ष युवाओं को शीघ्र शामिल किया जाए। साथ ही गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के आयुक्तों को बूथों की मैपिंग पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में निदेशक शहरी विकास विनोद गिरी गोस्वामी, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र, अपर सचिव झरना कमठान, निदेशक महिला एवं बाल विकास बीएल राणा, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, निदेशक एसआईसी मनीष जुगरान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय