home page

लक्सर में भाजपा ने फूंका चुनावी बिगुल, महेंद्र भट्ट ने दिया एकजुटता का मंत्र

 | 
लक्सर में भाजपा ने फूंका चुनावी बिगुल, महेंद्र भट्ट ने दिया एकजुटता का मंत्र


हरिद्वार, 30 अक्टूबर (हि.स.)। विधानसभा चुनाव-2027 से पहले भाजपा ने लक्सर में तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को लक्ष्य पब्लिक स्कूल में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में हुई संगठनात्मक बैठक में कार्यकर्ताओं को एकजुटता का संदेश दिया गया।

प्रदेश अध्यक्ष ने साफ कहा कि भाजपा का उम्मीदवार कमल का फूल है, सभी कार्यकर्ता व्यक्ति विशेष के बजाय कमल को जिताने के लिए जुटें।

बैठक में जिला अध्यक्ष, तीनों मंडल अध्यक्ष, वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और प्रमुख कार्यकर्ता शामिल हुए। बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, चुनावी रणनीति और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर चर्चा हुई। लक्सर सीट पर प्रत्याशी को लेकर चल रही अटकलों के बीच बैठक का संदेश सियासी तौर पर अहम माना जा रहा है।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा में कोई अंतर्कलह या गुटबाजी नहीं है। पार्टी एकजुट होकर चुनाव लड़ती है, नेतृत्व जिसे भी जिम्मेदारी देगा, सभी कार्यकर्ता उसकी जीत के लिए काम करेंगे। संगठन की असली ताकत कार्यकर्ता हैं, बूथ मजबूत होगा तो जीत सुनिश्चित होगी। कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाएं पहुंचाएं।

बैठक के बाद राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी ने संकेत दिया कि प्रत्याशी को लेकर निर्णय हो चुका है, केवल औपचारिक घोषणा बाकी है। उन्होंने नाम फिलहाल सार्वजनिक नहीं किया।

सैनी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पूरी एकजुटता से मैदान में उतरेंगे। पार्टी लगातार चार बार लक्सर सीट जीत चुकी है, पांचवीं बार भी अधिकृत प्रत्याशी को जिताने के लिए पूरी ताकत लगेगी। गुटबाजी से इनकार करते हुए कहा कि सभी का लक्ष्य संगठन को मजबूत करना है।

राज्य मंत्री ने कहा कि विधानसभा चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। केंद्र सरकार किसानों समेत हर वर्ग के हित में काम कर रही है। डीबीटी के जरिए किसानों के खातों में सहायता भेजना सरकार की किसान हितैषी नीति का उदाहरण है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला