उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर दो दिवसीय समीक्षा बैठक संपन्न, 21 एजेंसियों ने दिया प्रस्तुतीकरण
देहरादून, 13 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भारत निर्वाचन आयोग की दो दिवसीय उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक मंगलवार को संपन्न हो गई। बैठक में सभी जिलों के निर्वाचन अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों ने चुनावी तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की। केंद्र एवं राज्य सरकार की 21 प्रवर्तन एजेंसियों ने भी अपनी तैयारियों का ब्योरा दिया।
देहरादून के राजपुर रोड स्थित एक होटल में आयोजित बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग सहित आयोग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक में गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के आयुक्त, पुलिस रेंज के प्रभारी, राज्य पुलिस नोडल अधिकारी, सभी जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक मौजूद रहे।
बैठक के पहले दिन जिलाधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों और जिला ईवीएम नोडल अधिकारियों के लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई। इस दौरान आयोग की ओर से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मंगलवार को दूसरे दिन जिलाधिकारियों एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों ने अपने-अपने जिलों में चुनाव की तैयारियों पर प्रस्तुतीकरण दिया। पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा बलों की तैनाती की योजना तथा अपराध और कानून-व्यवस्था से जुड़े विषयों की जानकारी दी।
आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों ने अब तक की तैयारियों पर संतोष जताते हुए सभी अधिकारियों को निर्धारित चुनावी कार्ययोजना के अनुसार काम करने के निर्देश दिए।
बैठक में अर्द्धसैनिक बलों,आबकारी,वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी), परिवहन,वन विभाग,भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और सीमा शुल्क सहित 21 एजेंसियों के अधिकारियों ने भी चुनाव संबंधी तैयारियों का ब्योरा प्रस्तुत किया।
बैठक में आयोग के प्रधान सचिव एस.बी. जोशी और बी.के. पाठक, कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत, गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप, आईजी नीलेश आनंद भरणे, कुमाऊं रेंज की आईजी नवनीत कुकरेती, गढ़वाल रेंज की प्रभारी आईजी विम्मी सचदेवा, राज्य पुलिस नोडल अधिकारी आईजी कृष्ण कुमार वीके तथा अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

