home page

यूकेएसएसएससी भर्ती परीक्षा को लेकर डीएम सख्त, बोले- किसी भी तरह की लापरवाही नहीं चलेगी

 | 
यूकेएसएसएससी भर्ती परीक्षा को लेकर डीएम सख्त, बोले- किसी भी तरह की लापरवाही नहीं चलेगी


देहरादून, 11 जून (हि.स)। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) की 14 जून को होने वाली स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा को लेकर जिलाधिकारी आशीष चौहान ने गुरुवार को बैठक की। जिलाधिकारी ने बैठक में अधिकारियों से कहा कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जनपद में 14 जून को 116 परीक्षा केंद्रों पर 46,350 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा एकल पाली में सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा के निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए पूरे जनपद को विभिन्न जोनों में विभाजित किया गया है। इसके तहत 11 जोनल मजिस्ट्रेट और 34 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।

जिलाधिकारी ने देहरादून स्थित आईआरडीटी ऑडिटोरियम में आयोजित बैठक में सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट को परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण करने, केंद्र व्यवस्थापकों के साथ समन्वय बनाए रखने तथा जैमर, सीसीटीवी कैमरे, फेस ऑथेंटिकेशन एप सहित सभी व्यवस्थाओं की गहन जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। परीक्षा से एक दिन पूर्व सभी केंद्रों को सैनिटाइज करने तथा अधिकारियों को परीक्षा अवधि के दौरान मोबाइल फोन सक्रिय रखने को भी कहा गया। बैठक में बताया गया कि विकासनगर, ऋषिकेश और डोईवाला के लिए प्रश्नपत्रों के सील्ड पैकेट सुबह 6 बजे तथा देहरादून क्षेत्र के लिए सुबह 7 बजे कोषागार के डबल लॉकर से उपलब्ध कराए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता, गोपनीयता और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। परीक्षा का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप, पूर्ण अनुशासन और पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित किया जाए ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय