home page

उत्तराखंड के महाविद्यालयों में प्राचार्यों के रिक्त पदों पर जल्द होगी पदोन्नति

 | 
उत्तराखंड के महाविद्यालयों में प्राचार्यों के रिक्त पदों पर जल्द होगी पदोन्नति


-छात्रावास संचालन के लिए एक सप्ताह में एसओपी बनाने के निर्देश

देहरादून, 15 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड के राजकीय महाविद्यालयों में प्राचार्यों के रिक्त पदों पर शीघ्र पदोन्नति की जाएगी। इसके लिए उच्च शिक्षा विभाग को विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) का प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही महाविद्यालयों के छात्रावासों के संचालन के लिए एक सप्ताह के भीतर मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने को कहा गया है।

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने गुरुवार को अपने शासकीय आवास पर विभागीय समीक्षा बैठक में ये निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि करीब दो दर्जन राजकीय महाविद्यालयों में प्राचार्यों के पद रिक्त हैं। इन पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए, ताकि संबंधित महाविद्यालयों में प्राचार्यों की तैनाती की जा सके।

उच्च शिक्षा मंत्री ने छात्रावासों के संचालन के लिए अब तक एसओपी तैयार नहीं होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर प्रक्रिया पूरी कर छात्रावासों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि छात्र-छात्राओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

बैठक में डॉ. रावत ने विभिन्न महाविद्यालयों में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा भी की। उन्होंने राजकीय महाविद्यालय बेतालघाट, पोखड़ा, हल्द्वानी शहर, देहरादून शहर और बेरीनाग में निर्माण कार्यों के लिए प्राथमिकता के आधार पर धनराशि जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अन्य नए और पुराने निर्माण कार्यों के लिए भी शीघ्र धनराशि उपलब्ध कराने को कहा।

उच्च शिक्षा मंत्री ने महाविद्यालयों में शैक्षिक और शिक्षणेत्तर संवर्ग के रिक्त पदों पर स्थायी नियुक्ति होने तक संविदा और आउटसोर्स के माध्यम से नियुक्तियां करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने समर्थ पोर्टल के संचालन में आ रही समस्याओं का शीघ्र समाधान करने को कहा।

बैठक में अपर सचिव मुनज गोयल, संयुक्त सचिव प्रदीप नौटियाल,प्रभारी निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. ए.एस.उनियाल,उप सचिव दीपक कुमार,उप निदेशक डॉ.ममता नैथाणी,नोडल रूसा डॉ. अनीता रावत सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय