home page

बोर्ड परीक्षार्थियों के डाटा अपडेशन की तिथि चार अगस्त तक बढ़ी

 | 
बोर्ड परीक्षार्थियों के डाटा अपडेशन की तिथि चार अगस्त तक बढ़ी


देहरादून/रामनगर, 01 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा वर्ष-2027 के संस्थागत परीक्षार्थियों के डाटा अपडेशन की अंतिम तिथि बढ़ाकर चार अगस्त कर दी है। परिषद ने सभी विद्यालयों को निर्धारित समय सीमा के भीतर छात्रों का विवरण पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने के निर्देश दिए हैं।

विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि 'बोर्ड परीक्षार्थियों का डाटा समय पर और त्रुटिरहित अपलोड होना अत्यंत आवश्यक है। सभी विद्यालय निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत डाटा अपडेट करें, ताकि किसी भी छात्र को परीक्षा से संबंधित असुविधा का सामना न करना पड़े। सरकार पारदर्शी, समयबद्ध और छात्र हितैषी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।'

विद्यालयी शिक्षा परिषद के सचिव विनोद कुमार ढौंडियाल ने सभी जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर शत-प्रतिशत छात्रों का डाटा अपडेट कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि परिषद ने डाटा अपडेशन के लिए 15 जुलाई से 31 जुलाई तक पोर्टल खोला था, लेकिन कुछ विद्यालयों में अभी तक प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई है।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के हितों को देखते हुए डाटा अपडेशन की तिथि बढ़ाई गई है, ताकि किसी भी छात्र को बोर्ड परीक्षा से संबंधित परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि 4 अगस्त के बाद डाटा अपडेशन की समय सीमा किसी भी स्थिति में आगे नहीं बढ़ाई जाएगी। इसके बाद छात्रों के विवरण में किसी भी प्रकार की त्रुटि के लिए संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य जिम्मेदार होंगे।

सचिव ने बताया कि परिषद की ओर से 4 अगस्त से विद्यालयों को नामावली तैयार करने का विकल्प उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा कक्षा 10 और 12 के संस्थागत विद्यार्थियों के नवीन पंजीकरण एवं स्थानांतरण के लिए पोर्टल 11 अगस्त से 24 अगस्त तक खुला रहेगा, जबकि व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के नवीन पंजीकरण के लिए पोर्टल 25 अगस्त से 31 अगस्त तक संचालित किया जाएगा।

विद्यालयी शिक्षा परिषद ने सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जनपदों में निर्धारित समय सीमा के भीतर डाटा अपडेशन का कार्य पूरा कराना सुनिश्चित करें, जिससे बोर्ड परीक्षा प्रक्रिया सुचारु, पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से संपन्न हो सके।

---

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय