home page

जलवायु टावर्स में दुर्गा पूजा महोत्सव का समापन, सिंदूर खेला के साथ मां दुर्गा को दी विदाई

 | 
जलवायु टावर्स में दुर्गा पूजा महोत्सव का समापन, सिंदूर खेला के साथ मां दुर्गा को दी विदाई


-जलवायु टावर्स में नम आंखों से मां दुर्गा को दी विदाई, अगले बरस फिर आने की कामना

देहरादून, 21 अक्टूबर (हि.स.)। झाझरा स्थित जलवायु टावर्स में दुर्गा पूजा समिति एवं कल्चरल एसोसिएशन की ओर से आयोजित पांच दिवसीय दुर्गा पूजा महोत्सव 3.0 का बुधवार को विजयादशमी के अवसर पर समापन हुआ। इस दौरान पारंपरिक सिंदूर खेला, शोभायात्रा और विसर्जन की रस्मों के बीच श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई दी और अगले वर्ष उनके फिर आगमन की कामना की।

महोत्सव के अंतिम दिन सुबह महादशमी पूजा के बाद दर्पण विसर्जन की परंपरा निभाई गई। इसके बाद महिलाओं ने लाल-सफेद पारंपरिक परिधानों में सिंदूर खेला की रस्म में हिस्सा लिया। महिलाओं ने मां दुर्गा को सिंदूर अर्पित किया और मिष्ठान खिलाकर विदाई दी। इसके बाद एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर अखंड सौभाग्य और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। बंगाल की इस पारंपरिक रस्म में विभिन्न प्रांतों से आई महिलाओं ने भी उत्साह के साथ भाग लिया।

ढाक की थाप और शंखध्वनि के बीच पूरा पूजा पंडाल भक्तिमय माहौल में रंगा नजर आया। इसके बाद ढोल-ढाक और ‘आसछे बोछर आबार होबे’ यानी अगले वर्ष फिर आना के जयघोष के साथ शोभायात्रा निकाली गई। इसमें बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों और सोसाइटी के बड़ी संख्या में निवासियों ने भाग लिया। मां दुर्गा की विदाई के दौरान श्रद्धालु भावुक हो गए।

शाम को शांति जल और विजया सम्मेलन का आयोजन किया गया। शांति जल का छिड़काव कर सभी के कल्याण और विश्व शांति की कामना की गई। विजया सम्मेलन में लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं, बड़ों के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया और मिठाइयां बांटीं।

महोत्सव की शुरुआत 15 अक्टूबर को ‘शंखनाद से मां का स्वागत’ कार्यक्रम के साथ हुई थी। षष्ठी से दशमी तक चले आयोजन में पूजा-अर्चना, पुष्पांजलि, संधि पूजा और भोग के साथ धुनुची नृत्य, भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक संध्या, ऑर्केस्ट्रा, बच्चों की फैंसी ड्रेस, चित्रकला एवं शंख प्रतियोगिता, भंडारा और डांडिया नाइट सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

महोत्सव के दौरान यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत, राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी, सहसपुर विधायक सहदेव पुंडीर, देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल और यूपीईएस के कुलपति डॉ. सुनील राय सहित कई गणमान्य अतिथियों ने पहुंचकर मां दुर्गा का आशीर्वाद लिया और आयोजन की सराहना की।

समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि दुर्गा पूजा महोत्सव धार्मिक आयोजन के साथ ही सोसाइटी के परिवारों को एक सूत्र में जोड़ने और सांस्कृतिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले निवासियों, अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार जताया।

इस अवसर पर मृगेन्द्र चौधरी, ऋतुपर्णा, तरित मित्रा, गार्गी, संदीप, तनुप्रिया चौधरी, जॉली सेन, अरूप चक्रवर्ती, कल्याणी, देबज्योति, दीपक रंजन, चंदना मित्रा, अभिजीत, मीनाक्षी, सुधीर जैन, डोलन और देबाशीष सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

---

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय